Islam World Fastest Growing Religion: दुनियाभर में मुस्लिम समुदाय की आबादी में सबसे तेज़ी से इजाफा हुआ है। प्यू रिसर्च सेंटर की ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार, बीते एक दशक (2010 से 2020) में मुस्लिमों की संख्या में 34.7 करोड़ का उछाल देखा गया है। इसके साथ ही वैश्विक मुस्लिम आबादी दो अरब को पार कर गई है और अब यह दुनिया की कुल जनसंख्या का 25.6 प्रतिशत हो गई है, जो पहले 23.8% थी।
इस रिपोर्ट में कहा गया है कि मुस्लिम आबादी की यह तेज़ बढ़ोतरी अन्य सभी प्रमुख धार्मिक समुदायों से ज्यादा रही है। दुनिया में ईसाई समुदाय अभी भी सबसे बड़ा धार्मिक समूह बना हुआ है, लेकिन उनके अनुपात में गिरावट आई है। 2010 में जहां ईसाई दुनिया की 30.6% आबादी थे, वहीं 2020 में यह घटकर 28.8% रह गई। हालांकि, कुल संख्या में वृद्धि हुई और यह 2.18 अरब से बढ़कर 2.30 अरब हो गई।
रिपोर्ट के मुताबिक, मुस्लिमों में कम उम्र में विवाह और अधिक जन्मदर उनके जनसंख्या वृद्धि का प्रमुख कारण है। इसके विपरीत, यहूदी समुदाय में देर से विवाह होने के कारण उनकी जनसंख्या में अपेक्षाकृत धीमी वृद्धि हुई है। बौद्ध समुदाय के लिए यह दशक नुकसानदेह रहा। उनकी जनसंख्या 1.9 करोड़ घटकर 32.4 करोड़ रह गई। यह एकमात्र धार्मिक समूह रहा जिसमें गिरावट दर्ज की गई। यूरोप में ईसाईयों की आबादी घटी है, जबकि अफ्रीका में इनकी संख्या बढ़कर 31% हो गई है जो 2010 में 24.8% थी। मोजाम्बिक जैसे देशों में ईसाइयों की हिस्सेदारी में 5% की वृद्धि दर्ज हुई।
हिंदू समुदाय की बात करें तो उनकी वैश्विक जनसंख्या में बहुत धीमी गति से वृद्धि हुई। 2010 में हिंदू आबादी जहां 1.1 अरब थी, 2020 में यह 1.2 अरब तक ही पहुंच पाई। रिपोर्ट में बताया गया है कि हिंदू प्रजनन दर वैश्विक औसत के आसपास है। अनुमान है कि 2050 तक भारत की कुल जनसंख्या 166 करोड़ हो सकती है, जिसमें से 130 करोड़ हिंदू होंगे।