Karnataka Deputy CM DK Shivakumar: कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने आरसीबी फ्रेंचाइजी खरीदने की अफवाहों का खंडन किया है। उन्होंने कहा कि मैं पागल आदमी नहीं हूं। मैं अपने युवा दिनों से कर्नाटक क्रिकेट एसोसिएशन का सदस्य रहा हूं, बस इतना ही। मेरे पास समय नहीं है, हालांकि मुझे प्रबंधन का हिस्सा बनने के प्रस्ताव मिले थे। मुझे आरसीबी की क्या जरूरत है? मैं रॉयल चैलेंज भी नहीं पीता।
डीके शिवकुमार द्वारा आरसीबी खरीदने की चर्चा फिलहाल अफवाहों और सोशल मीडिया की अटकलों तक ही सीमित है। इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यूनाइटेड स्पिरिट्स या आरसीबी की ओर से कोई बयान नहीं आया है कि डीके शिवकुमार आरसीबी खरीद रहे हैं। वहीं, आज डीके शिवकुमार ने इन सभी अफवाहों पर पूर्णविराम लगा दिया।
#WATCH | Delhi | "I am not a mad man. I'm just a member of the Karnataka Cricket Association from my younger days, that's all. I don't have time, though I had offers to be part of the management… Why do I need RCB? I don't even drink Royal Challenge," says Karnataka Deputy CM… pic.twitter.com/iZ1K1by206
— ANI (@ANI) June 11, 2025
दरअसल, हाल ही में ये खबरें जरूर सामने आई थीं कि यूनाइटेड स्पिरिट्स आरसीबी को बेचने पर विचार कर रही है, जिसके बाद कई कंपनियों और व्यक्तियों के नाम चर्चा में आए थे। इसमें एक नाम डीके शिवकुमार का भी था। इसके बाद डीके को लेकर अटकलें शुरू हो गई थीं। आपको बता दें कि आरसीबी का स्वामित्व फिलहाल यूनाइटेड स्पिरिट्स (डियाजियो) के पास है। 2008 में इसने विजय माल्या से फ्रेंचाइजी खरीदी थी।
डीके शिवकुमार पहले भी आरसीबी से जुड़े थे। आरसीबी के खिताब जीतने के बाद उन्होंने बेंगलुरु एयरपोर्ट पर टीम का स्वागत किया था। हालांकि, 4 जून को आरसीबी की विजय परेड के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई थी। इस भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी जबकि 45 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। इस घटना के बाद शिवकुमार की काफी आलोचना हुई थी।
बेंगलुरु हादसे के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। बीजेपी ने इस घटना के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया। बीजेपी ने इसे राज्य प्रायोजित हत्या करार दिया। बेंगलुरु भगदड़ पर बीजेपी नेता शहजाद पूनावाला ने कहा कि पूरा देश जानता है कि बेंगलुरु में हुई भगदड़ राज्य प्रायोजित हत्या थी। इसमें सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जिम्मेदारी लेने और खेद जताने के बजाय जनता पर आरोप लगा रही है कि यह एक दुर्घटना थी। कांग्रेस अपने लोगों को बचाने के लिए कह रही है कि यह दुर्घटना थी। यह दुर्घटना नहीं बल्कि राज्य प्रायोजित हत्या थी।