नई दिल्ली। दुनिया में अनेकों धर्म हैं, जिन्हें मानने वालों की संख्या करोड़ों में है। सबसे ज्यादा ईसाई, इस्लाम और हिन्दू धर्म को मानने वाले लोग हैं। यूरोप, अमेरिका, एशिया और अफ्रीका जैसे देशों में ईसाई और इस्लाम को मानने वालों की संख्या करोड़ों में है। यूरोप और अमेरिका में क्रिश्चियन ज्यादा हैं तो एशिया और अफ्रीका के कुछ हिस्सों में बड़ी आबादी मुसलमानों की है। हिन्दुओं की बात करें तो ये मुख्यत: भारत और नेपाल में ही हैं।
एक रिपोर्ट के मुताबिक मुस्लिमों की आबादी पूरी दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ रही है। आने वाले 25 सालों में धार्मिक आबादी की पूरी तस्वीर हमें बदली हुई दिखेगी। पियू रिसर्च सेंटर की एक रिपोर्ट के मुताबिक 2015 में जारी ट्रेंड से देखें तो साल 2050 तक मुस्लिमों की फर्टिलिटी रेट सबसे ज्यादा रहेगी। रिसर्च रिपोर्ट में कहा गया है कि भले ही सबसे ज्यादा आबादी ईसाईयों की रहेगी लेकिन जनसँख्या सबसे अधिक मुसलमानों की बढ़ेगी।
इस रिपोर्ट में यह दावा भी किया गया है कि आने वाले 25 सालों में ईसाई और इस्लाम धर्म मानने वालों की आबादी लगभग बराबर रहेगी। भारत में भी मुस्लिम तेजी से बढ़ेंगे। दुनिया में सबसे ज्यादा मुस्लिमों की आबादी भारत में होगी। इंडोनेशिया पीछे चला जायेगा। हालांकि यह भी कहा गया है कि मेजोरिटी में हिन्दू ही रहेंगे।