Nilambur By Election Result: केरल की नीलांबुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस के आर्यदान शौकत ने जीत हासिल कर ली है। उन्होंने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के एम स्वराज को शिकस्त दी है। आपको जानकारी के लिए बता दें कि, शौकत को 77,737 वोट मिले, जबकि एम स्वराज को 66,660 वोट मिले। तीसरे स्थान पर निर्दलीय उम्मीदवार पीवी अनवर रहे, जिन्हें 19,760 वोट मिले। भाजपा उम्मीदवार एडवोकेट मोहन जॉर्ज को 8,648 वोट मिले।
केरल में अगले साल होगा विधानसभा
केरल में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में नीलांबुर उपचुनाव को यहां सेमीफाइनल माना जा रहा है। यह सीट पीवी अनवर के इस्तीफे के कारण खाली हुई है, जो दो बार लेफ्ट के समर्थन से जीते थे, लेकिन फिर कांग्रेस में शामिल हो गए और निर्दलीय चुनाव लड़ा। शौकत कांग्रेस के पूर्व विधायक आर्यदान मोहम्मद के बेटे हैं। आपको जानकारी के लिए बता दें कि, नीलांबुर प्रियंका गांधी के वायनाड लोकसभा क्षेत्र में है, जिसके कारण यहां मुकाबला दिलचस्प था।
प्रियंका गांधी ने दी बधाई
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने केरल की नीलांबुर सीट पर जीत के लिए आर्यदान शौकत को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट लिखा, “हमने एक टीम की तरह काम किया। हर कार्यकर्ता ने प्रतिबद्धता दिखाई। यही इस सफलता का सबसे महत्वपूर्ण सबक है। आर्यदान शौकत को हार्दिक बधाई।”