Inkhabar
  • होम
  • देश-प्रदेश
  • ऑपरेशन सिंदूर बदलते भारत की तस्वीर… मन की बात में बोले PM मोदी

ऑपरेशन सिंदूर बदलते भारत की तस्वीर… मन की बात में बोले PM मोदी

मन की बात के 122वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है, आक्रोश से भरा हुआ है, संकल्पबद्ध है। आज हर भारतीय का संकल्प है कि हमें आतंकवाद को खत्म करना है। ऑपरेशन सिंदूर बदलते भारत की तस्वीर है.

(PM Modi-Mann Ki Baat)
inkhbar News
  • Last Updated: May 25, 2025 14:19:59 IST

PM Modi Man Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अपने रेडियो शो ‘मन की बात’ के 122वें एपिसोड के तहत देश को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर, बिहार में हुए खेलो इंडिया यूथ गेम्स तहत कई विषयों पर बात की। 122वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है, आक्रोश से भरा हुआ है, संकल्पबद्ध है। आज हर भारतीय का संकल्प है कि हमें आतंकवाद को खत्म करना है।

हर किसी का पसीना शामिल

उन्होंने आगे कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हमारी सेना ने जो पराक्रम दिखाया, उसने हर भारतीय को गौरवान्वित किया है। हमारे सैनिकों ने आतंकी ठिकानों को नष्ट किया, यह उनका अदम्य साहस था और इसमें भारत में बने हथियारों, उपकरणों और तकनीक की शक्ति शामिल थी। इसमें ‘आत्मनिर्भर भारत’ का संकल्प भी था। इस जीत में हमारे इंजीनियरों, हमारे तकनीशियनों, हर किसी का पसीना शामिल है। इस अभियान के बाद पूरे देश में वोकल फॉर लोकल को लेकर एक नई ऊर्जा दिखाई दे रही है।

बिहारियों की गर्मजोशी की तारीफ़

एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बीते दिनों खेलो इंडिया की काफी चर्चा थी। खेलो इंडिया के दौरान बिहार के 5 शहरों ने मेजबानी की, वहां अलग-अलग शहरों में मैच हुए। पूरे भारत से जो खिलाड़ी पहुंचे, उनकी संख्या 5 हजार से ज्यादा थी। इन खिलाड़ियों ने बिहार की खेल भावना और बिहार के लोगों की गर्मजोशी की तारीफ की है। खेलो इंडिया यूथ गेम्स का यह पहला आयोजन था, जो ओलंपिक गेम्स के ज़रिए पूरी दुनिया तक पहुंचा। दुनिया भर के लोगों ने हमारे युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा को देखा और सराहा। मैं सभी पदक विजेताओं को, विशेष रूप से शीर्ष तीन विजेताओं – महाराष्ट्र, हरियाणा और राजस्थान को बधाई देता हूं।

ड्रोन उड़ा रहीं गांव की महिलाएं

आज ऐसी कई महिलाएं हैं जो खेतों के साथ-साथ आसमान में भी काम कर रही हैं। अब गांव की महिलाएं ड्रोन दीदी के रूप में ड्रोन उड़ा रही हैं और कृषि में नई क्रांति ला रही हैं।

तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में जिन महिलाओं को कुछ समय पहले तक दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था, आज वो महिलाएं ड्रोन की मदद से 50 एकड़ जमीन पर दवा छिड़कने का काम पूरा कर रही हैं। गांव वालों ने भी इस बदलाव को दिल से स्वीकार किया है। अब ये महिलाएं ‘ड्रोन ऑपरेटर’ नहीं बल्कि ‘स्काई वॉरियर्स’ के नाम से जानी जाती हैं।

भारत में हुआ स्वीट रेवोल्यूशन

पिछले 11 वर्षों में भारत में मधुमक्खी पालन में एक मीठी क्रांति आई है। 10-11 साल पहले भारत में शहद का उत्पादन एक साल में लगभग 70-75 हजार मीट्रिक टन था। आज यह बढ़कर लगभग 1.25 लाख मीट्रिक टन हो गया है। यानी शहद उत्पादन में लगभग 60% की वृद्धि हुई है। शहद उत्पादन और निर्यात में हम दुनिया के अग्रणी देशों में से एक बन गए हैं। इस सकारात्मक प्रभाव में ‘राष्ट्रीय मधुमक्खी पालन’ और ‘हनी मिशन’ की बड़ी भूमिका है। इसके तहत मधुमक्खी पालन से जुड़े हजारों किसानों को प्रशिक्षण, उपकरण दिए गए और बाजार तक उनकी सीधी पहुंच बनाई गई।