PM Modi Saudi Arabia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दो दिवसीय दौरे पर सऊदी अरब के जेद्दा शहर पहुंचेंगे। पीएम मोदी सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के निमंत्रण पर पहली बार सऊदी अरब की कॉमर्शियल राजधानी जेद्दा पहुंचेंगे। इस यात्रा को दोनों देशों के कूटनीतिक और व्यापारिक संबंधों के लिए काफी अहम माना जा रहा है। पीएम मोदी का यह तीसरी आधिकारिक सऊदी दौरा है।

आर्थिक संबंधों को मजबूत करने पर जोर

इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और क्राउन प्रिंस भारत-सऊदी अरब स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप परिषद की दूसरी बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे। सऊदी अरब में भारत के राजदूत सुहेल एजाज खान के मुताबिक इस यात्रा के दौरान कई एमओयू पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। जिसमें आर्थिक संबंधों को मजबूत करने, रक्षा सहयोग को बढ़ावा देने और रीजनल राजनीतिक चुनौतियों का समाधान प्रमुख रूप से शामिल है।

भारतीय राजदूत ने बताया कि प्रधानमंत्री की इस यात्रा के दौरान कम से कम 6 एमओयू पर समझौता होना प्रस्तावित है लेकिन हम इसे और ज्यादा करने का प्रयास कर रहे हैं। समझौता मुख्य रूप से अंतरिक्ष, ऊर्जा, स्वास्थ्य, विज्ञान, संस्कृति और एडवांस टेक्नोलॉजी से जुड़े क्षेत्रो में होने की उम्मीद है। भारत और सऊदी अरब के बीच द्विपक्षीय व्यापार वर्तमान में लगभग 43 बिलियन डॉलर है और प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा को न केवल आर्थिक संबंधों को बढ़ावा देने, बल्कि खाड़ी देशों और इस्लामी दुनिया के साथ भारत के जुड़ाव को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।

क्यों महत्वपूर्ण है जेद्दा शहर

सऊदी अरब का जेद्दा शहर भारत और सऊदी अरब के बीच कनेक्टिविटी के लिए महत्वपूर्ण शहर रहा है। जेद्दा पोर्ट का इस्तेमाल वर्षो से भारत और सऊदी अरब के बीच व्यापारिक गतिविधियों के लिए होता रहा है। इसके साथ साथ हज यात्रा के लिए जाने वाले यात्री भी इसी पोर्ट के माध्यम से जाते थे। जेद्दा को मक्का का दरवाजा भी कहा जाता है।

 

‘तू क्या चीज है… बाहर मिल, देखते हैं घर कैसे जाती है’, दिल्ली कोर्ट में महिला जज को खुलेआम धमकी