NXT Conclave 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यानी 1 मार्च को iTV नेटवर्क द्वारा आयोजित NXT कॉन्क्लेव 2025 में शिरकत की। उन्होंने NewsX World चैनल को लॉन्च करने के बाद लोगों को संबोधित किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रयागराज में लगे महाकुंभ का जिक्र किया। उन्होंने भारत के ताकत की बात की।
दुनिया हैरान है
पीएम ने कहा कि 21वीं सदी के भारत पर आज पूरी दुनिया की नजर है। दुनिया भर के लोग भारत आना चाहते हैं, भारत को जानना चाहते हैं। 26 फरवरी को महाकुंभ का समापन हुआ। दुनिया यह देखकर हैरान है कि इस आयोजन में 66 करोड़ लोग एक छोटी सी जगह पर इकट्ठे हो गए। लोग आश्चर्यचकित हैं कि कैसे एक अस्थाई शहर में, नदी तट के किनारे करोड़ों लोगों ने स्नान किया। दुनिया ने भारत के संगठनात्मक और नवप्रवर्तन कौशल को देखा।
हमने करवाया दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज दुनिया, भारत का आयोजन और नवप्रवर्तन कौशल देख रही है। हम सेमीकंडक्टर से लेकर एयरक्राफ्ट कैरियर तक का निर्माण यहीं पर कर रहे हैं। कुछ महीने पहले ही, भारत ने दुनिया के सबसे बड़े चुनाव कराए हैं। 60 साल बाद ऐसा हुआ जब भारत में कोई सरकार लगातार तीसरी बार वापस लौटी है।