नई दिल्ली। रायबरेली से कांग्रेस सांसद व लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी अमेरिका दौरे पर हैं। उन्होंने अमेरिका के बोस्टन में भारतीय प्रवासियों को संबोधित करते हुए चुनाव आयोग पर बड़ा आरोप लगाया। राहुल ने कहा कि भारत में चुनाव आयोग समझौता कर चुका है। सिस्टम में कुछ गड़बड़ है, वोटर लिस्ट में हेरफेर की जाती है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार शाम प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए उन्होंने चुनाव आयोग पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग समझौता कर चुका है। उन्होंने आगे जोड़ते हुए कहा कि मैंने पहले भी सवाल उठाया है कि महाराष्ट्र में जितने बालिग नहीं हैं, उससे ज्यादा वोटिंग हुई। चुनाव आयोग ने हमें साढ़े पांच बजे वोटिेंग का आंकड़ा दिया। इसके बाद 5:30 से शाम 7:30 के बीच 65 लाख वोटिंग हुई।
उन्होंने आगे कहा कि ऐसा संभव है कि 2 घंटे में 65 लाख वोट डाले जाएं। एक वोट डालने की प्रक्रिया में करीब 3 मिनट का समय लगता है। अगर आप गणित लगाओगे तब भी यह संभव नहीं दिखता। 65 लाख वोट डालने के लिए रात 2 बजे तक लाइन लगानी पड़ती। उन्होंने साथ ही ये भी आरोप लगाया कि चुनाव आयोग से जब हमने वीडियोग्राफी की मांग की तो चुनाव आयोग ने साफ़ मना कर दिया और अब कानून ही बदल दी गई ताकि हम आगे वीडियो के बारे में सवाल न कर सकें।
इधर राहुल के बयान पर भाजपा हमलावर हो गई है। भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा कि राहुल गांधी विदेश जाकर संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करते हैं, ये उनकी पहचान बन चुकी है। पीएम मोदी का विरोध करते-करते भारत के विरोध में उतर आए हैं पूरी दुनिया भारत के चुनाव आयोग और इसके प्रक्रिया की वाह-वाही करती है। ऐसे समय पर राहुल गांधी और उनके इकोसिस्टम ने भारत की बदनामी की सुपारी लेने का ठेका ले लिया है।