Inkhabar
  • होम
  • देश-प्रदेश
  • इश्क में अंधे राजा की हैवानियत, लव मैरिज की ज़िद में मां को मार डाला

इश्क में अंधे राजा की हैवानियत, लव मैरिज की ज़िद में मां को मार डाला

कानपुर में एक बेटे ने अपनी मां की हत्या कर दी है। बेटा लवमैरिज करना चाहता था लेकिन उसकी मां इसकी इजाजत नहीं दे रही थीं। जिसके बाद बेटे ने अपनी मां को मौत के घाट उतार दिया। आइए जानते हैं पूरी घटना...

Kanpur murder case
inkhbar News
  • Last Updated: April 16, 2025 20:01:59 IST

कानपुर/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक बहुत ही दर्दनाक घटना सामने आई है। लव मैरिज से मना करने पर एक युवक ने अपनी मां की ही हत्या कर दी है। युवक ने अपनी मां के ऊपर ताबड़तोड़ चाकू से हमला किया, जिससे उनकी जान चली गई। आइए जानते हैं पूरी घटना…

लव मैरिज करने की जिद

यह घटना कानपुर के हनुमंत विहार इलाके की है। आरोपी युवक ने अपनी मां की हत्या करने के बाद पुलिस को खुद से फोन करके बुला लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। परिजनों के मुताबिक बेटा अपनी मां से बार-बार एक लड़की के साथ लव मैरिज करने की जिद करता था।

फतेहपुर की रिफ्यूजी कॉलोनी निवासी प्रमिला सिंह (55) बेटे राजा सिंह (28) के साथ रहती थीं। प्रमिला के पति धर्मेंद्र सिंह की 5 साल पहले मौत हो गई थी। प्रमिला करीब 10 दिन पहले सिकाई करने के दौरान गर्म पानी से जल गई थीं। प्रमिला इलाज कराने के लिए कानपुर आई थीं। हनुमंत विहार स्थित नारायणपुर में बेटी प्रीतू सिंह के घर 30 मार्च से रह रही थीं।

मां को मारी लात

मृतका की बड़ी बेटी प्रीतू ने बताया है कि आज सुबह भाई ने मम्मी को फोन किया था। बेटा फोन पर बोला कि अब तबीयत सही हो गई हो तो घर आ जाओ। इस बात पर मम्मी ने कहा कि अभी नहीं आएंगे, क्योंकि अभी और डॉक्टर को दिखाना है। इतना सुनते ही भाई मां को गाली देने लगा, जिसके बाद मां ने फोन काट दिया। इसके कुछ समय बाद ही भाई बिना बताए हुए ही घर आ गया। महिला उस समय बाहर कपड़े फैला रही थी। जैसी ही युवक ने गेट पर प्रवेश किया मां ने गेट खोला और तुरंत ही भाई ने मां को छाती पर लात मार दी, जिससे मां जमीन पर नीचे गिर पड़ीं।

मैं वहां पर पहुंची तो भाई बोला कि ज्यादा मत बोलो नहीं तो तुमको भी मार देंगे। मां ने कहा कि तुमको जिससे भी शादी करनी है कर लो। हम घर पर नहीं आएंगे। दोनों लोग रहो अकेले। फिर भाई बोला कि नहीं आओगी घर तो मत आओ। प्रीत ने तुम्हें सिखाया-पढ़ाया है। इसको नहीं छोड़ेंगे हम। भाई मेरी ओर चाकू निकलकर बढ़ा तो मां बीच में आ गई, जिस कारण से मां को ही भाई ने चाकू मार दिया।

खुद किया पुलिस को फोन

मां का शरीर खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था। मैं सोच ही नहीं पाई कि क्या हुआ। मैं मां के खून को देखकर सन्न रह गई। इसके बाद राजा ने खुद हनुमंत विहार पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पर डीसीपी दीपेंद्र नाथ चौधरी, एडीसीपी महेश कुमार समेत थाने की फोर्स पहुंची। फिर भाई को गिरफ्तार कर लिया।

मृतका के पति किसान थे

प्रमिला के पति धर्मेंद्र खेती-किसानी करते थे। उनके चार बच्चों में सबसे बड़ी बहन प्रीतू, भाई राजा (28), बहन आकांक्षा और सबसे छोटा भाई राहुल (19) था। राहुल की 3 साल पहले रोड एक्सीडेंट में मौत हो गई थी। बहन प्रीतू का पति सौरभ सिंह अशोक नगर में एक हॉस्पिटल में प्राइवेट कर्मी है। दोनों की एक बेटी अविका है। वहीं, छोटी बहन आकांक्षा की शादी फतेहपुर के राधा नगर में हुई है। हत्यारोपी बेटा राजा गांव में रहकर खेती-किसानी करता है।

घटना की जांच

इस घटना की जानकारी देते हुए ए़डीसीपी महेश कुमार ने बताया है कि राजा ने अपने प्यार के लिए अपनी सागी मां की चाकू से हत्या कर दी है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। विवाह के कारण ये विवाद हुआ था। राजा जिस लड़की से प्यार करता है, मां को वो लड़की पसंद नहीं थी। लेकिन राजा अपनी मां से ज्यादा उस लड़की को प्यार करता है। इस कारण से घर में कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। पुलिस इस मामले की जानकारी ले रही है।

यह भी पढ़ें-

लड़की को झाड़ी में ले गया भाजपा नेता, 8 दोस्तों संग किया गैंगरेप, यूपी पुलिस ने कर दी हड्डी तोड़ कुटाई, अब जोड़ रहा हाथ