अयोध्या/लखनऊ। अयोध्या में रामलला के मंदिर के शिखर पर स्वर्ण कलश स्थापित कर दिया गया है। यह स्वर्ण कलश दूर से ही अपनी चमक बिखेरता नजर आता है।
बता दें कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने रविवार को मंदिर के भव्य शिखर की तस्वीरें साझा कीं। बताया जा रहा है कि मंदिर में 5 जून को राम दरबार की स्थापना की जाएगी, जिसके लिए अनुष्ठान 3 जून से प्रारंभ होंगे।
अयोध्या के राम मंदिर में 5 जून को राम दरबार समेत सात मंदिरों की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होगी। यह आयोजन गंगा दशहरा के दिन सुबह 11 बजे के बाद तय स्थायी लग्न और अभिजीत मुहूर्त में आरंभ होगा। इस अनुष्ठान में अयोध्या और काशी के कुल 101 आचार्य भाग लेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है, जिसे उन्होंने स्वीकार भी कर लिया है।
प्राण प्रतिष्ठा से पहले का अनुष्ठान कार्यक्रम 3 जून से शुरू होगा। 2 जून को महिलाएं सरयू जल से कलश यात्रा निकालेंगी। इसके बाद 3 जून की सुबह 6:30 बजे से सभी मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी, जो रात 9 बजे तक चलेगी। फिर दोपहर में एक घंटे का विश्राम होगा। इसी तरह 4 जून को भी विशेष पूजा-पाठ का आयोजन होगा। फिर 5 जून की सुबह 5:30 बजे से पूजा शुरू होगी और प्राण प्रतिष्ठा का मुख्य आयोजन सुबह 11 बजे के बाद किया जाएगा।