नई दिल्ली: उत्तर भारत के कई हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते तेज हवाएं चल रही हैं। हालांकि हाल ही में हुई बारिश से तापमान में खास गिरावट नहीं आई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले सप्ताह मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
दिल्ली NCR का मौसम
राजधानी दिल्ली में 4 मार्च को न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक था। सुबह सापेक्ष आर्द्रता 70 प्रतिशत रही। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 5 मार्च को यानि आज 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है, जबकि 6 मार्च से तापमान में वृद्धि हो सकती है। अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
उत्तर प्रदेश में बढ़ी गर्मी
उत्तर प्रदेश में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवाएं चलने के कारण गर्मी बढ़ने लगी है। आने वाले दिनों में धूप की तीव्रता बढ़ने के आसार हैं, जिससे लू चलने की संभावना भी जताई जा रही है।
पंजाब-हरियाणा में हल्की ठंड
पंजाब और हरियाणा के अमृतसर, लुधियाना, करनाल जैसे इलाकों में हल्की ठंड महसूस की जा सकती है। न्यूनतम तापमान 7-8 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 20-25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। हरियाणा के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि से गेहूं और सरसों की फसलों को नुकसान हुआ है।
बिहार में छाएं रहेंगे बादल
बिहार में फिलहाल बारिश की संभावना कम है, लेकिन कई इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं। 8 और 9 मार्च को हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। राजस्थान में भी मौसम सामान्य रहेगा, हालांकि कुछ इलाकों में हल्के बादल देखने को मिल सकते हैं।
हिमाचल और कश्मीर में बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश के चंबा, कुल्लू और किन्नौर जिलों में बर्फबारी हुई है। लाहौल-स्पीति और किन्नौर में भारी बर्फबारी की चेतावनी के चलते ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। कई इलाकों में भूस्खलन और सड़क बंद होने की खबरें भी आई हैं।
कश्मीर में भी ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है, जबकि श्रीनगर सहित कई हिस्सों में बारिश हुई है। तापमान में 3 से 9 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आई है। मौसम विभाग ने 10 मार्च तक मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है।
ये भी पढ़ें: आज का राशिफल: मेष, मिथुन समेत सिंह राशि के जातकों को मिलेगा लाभ, जानें क्या कहता है आपका भविष्य