Raja Raghuvanshi Video:इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या को 24 दिन बीत चुके हैं। राजा की हत्या के आरोप में राजा की पत्नी समेत पांचों आरोपी फिलहाल पुलिस रिमांड पर हैं। उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। इस बीच राजा की हत्या से ठीक पहले का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें पति-पत्नी एक पर्यटक के कैमरे में ट्रैकिंग करते नजर आ रहे हैं। राजा और सोनम दोनों ट्रेकिंग के लिए जा रहे थे। उसी दौरान एक पर्यटक उनका वीडियो बना रहा था। उसके कैमरे में राजा और सोनम भी नजर आए।
वीडियो में सोनम आगे-आगे चलती नजर आ रही थीं, जबकि राजा उनके पीछे थे। सोनम ने सफेद टी-शर्ट पहन रखी थी। राजा ने सफेद स्लीवलेस टी-शर्ट पहन रखी थी। दरअसल, शिलांग घूमने गए एक शख्स ने सोशल मीडिया पर दावा किया है कि जब वह डबल डेकर ब्रिज की यात्रा के दौरान वीडियो बना रहा था, तब राजा और सोनम रघुवंशी भी उसके फ्रेम में कैद हो गए। दोनों ऊपर की तरफ जा रहे थे। दावा किया जा रहा है कि सोनम ने वही सफेद शर्ट पहन रखी थी, जो बाद में राजा रघुवंशी के शव के पास मिली थी।
देव सिंह नाम के इस शख्स ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा- मैं 23 मई 2025 को मेघालय डबल डेकर रूट ब्रिज की यात्रा पर गया था और वीडियो रिकॉर्ड किया था। कल मैं वीडियो देख रहा था और मुझे इंदौर के उस जोड़े की रिकॉर्डिंग मिली। सुबह के करीब 9:45 बजे थे जब हम नीचे जा रहे थे और राजा-सोनम नोग्रिट गांव में रात बिताने के बाद ऊपर जा रहे थे। वीडियो शेयर करने वाले शख्स ने आगे लिखा- मुझे लगता है कि यह इन दोनों की आखिरी रिकॉर्डिंग थी। सोनम ने वही सफेद शर्ट पहनी हुई थी जो राजा के पास मिली थी। मुझे उम्मीद है कि इससे मेघालय पुलिस को भी केस सुलझाने में मदद मिलेगी।
View this post on Instagram
वीडियो में राजा रघुवंशी को देखकर देव सिंह ने लिखा, “जब भी मैंने वीडियो में राजा को देखा, मुझे उनके लिए बहुत बुरा लगा। वह सामान्य दिख रहे थे लेकिन उन्हें नहीं पता था कि उनके लिए क्या इंतजार कर रहा था। मेरे पास एक और वीडियो है जिसमें इंदौर के 3 अन्य लोग भी देखे जा सकते हैं, जिन्होंने इन दोनों से 20 मिनट पहले यात्रा शुरू की थी और पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया था।