नई दिल्ली: देश के अधिकांश हिस्सों में ठंड का असर अब कम होता जा रहा है और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखी जा रही है। राजधानी दिल्ली में अभी भी शीतलहर का प्रभाव बना हुआ है, जिस कारण सुबह और रात के समय ठंड महसूस की जा रही है। हालांकि दिन में धूप खिलने से हल्की गर्मी का अहसास हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक दिल्ली में सुबह के समय कोहरा छाए रहने की संभावना है।

देशभर में मौसम का हाल

उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात में मौसम पूरी तरह साफ बना हुआ है। राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में भी मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि कुछ इलाकों में बादल छाने की वजह से मौसम में बदलाव की संभावना है। पूर्वोत्तर राज्यों में 10 और 11 फरवरी को अरुणाचल प्रदेश और असम में हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान है।

उत्तर-पश्चिम भारत में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। वहीं मध्य भारत में तापमान में लगभग 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। महाराष्ट्र में अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है।

बारिश और बर्फबारी का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश के बस्पा, डलहौजी, कल्पा, केलोंग और कुटेहर में बारिश की संभावना जताई गई है। धर्मशाला, मनाली और स्पीति में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग, बनिहाल और जम्मू में भी हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4-5 दिनों के दौरान महाराष्ट्र और मध्य भारत में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं 9 फरवरी तक ओडिशा के कुछ इलाकों में सुबह घना कोहरा बना रहेगा।

ये भी पढ़ें: आज का राशिफल: कर्क से लेकर मकर राशि वालों का बदलेगा का जीवन, जानें क्या कहता है भविष्य