नई दिल्ली: देशभर में मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है। जहां सुबह और शाम ठंड का अहसास हो रहा है, वहीं दिन में तेज धूप से गर्मी महसूस की जा रही है। इस बीच, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 3 और 5 फरवरी को कई राज्यों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग (IMD) ने कुछ राज्यों में हल्की बारिश, कोहरे और तापमान में गिरावट को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 3 और 4 फरवरी को हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली का अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। साथ ही, सुबह और शाम के समय कोहरा छाने की संभावना है, जिसके चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है। रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा।
— RWFC New Delhi (@RWFC_ND) February 2, 2025
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के पश्चिमी जिलों में 3 फरवरी को हल्की बारिश की संभावना जताई है। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, आगरा, मथुरा और अलीगढ़ सहित कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। पूरे प्रदेश में घने कोहरे को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार में इस समय दिन और रात के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। हालांकि, 6 फरवरी से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे राज्य में बारिश हो सकती है और तापमान में गिरावट आ सकती है।
2 DAY WEATHER FORECAST AND WARNING OF UTTAR PRADESH DATED 02.02.2025 pic.twitter.com/H6Pu84sPHY
— मौसम केंद्र, लखनऊ – IMD Uttar-Pradesh (@CentreLucknow) February 2, 2025
राजस्थान में 3 और 4 फरवरी के दौरान पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, उत्तराखंड में अभी मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में बदलाव की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश में 4 और 5 फरवरी को पहाड़ी इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी-तूफान की आशंका है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है। जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग, पहलगाम, कुलगाम और पुलवामा में हल्की बर्फबारी हो सकती है।
ये भी पढ़ें: बॉलीवुड एक्टर श्रेयस तलपड़े और आलोक नाथ की बढ़ी मुश्किलें, धोखाधड़ी मामले में हुई FIR दर्ज