नई दिल्ली। ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम देने करीब साढ़े 9 घंटे बाद भारतीय सेना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने प्रेस के सामने ऑपरेशन सिंदूर की पूरी कहानी बताई है। इन दोनों महिला अधिकारियों ने पूरी दुनिया को बताया कि कैसे भारत ने पहलगाम आतंकी हमले का बदला पाकिस्तान से लिया है।
कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह इस वक्त न सिर्फ भारत में बल्कि पाकिस्तान में भी चर्चा का विषय बनी हुईं हैं। इस बीच आइए आपको दोनों महिला अधिकारियों के बारे में बताते हैं…
कर्नल सोफिया क़ुरैशी गुजरात से ताल्लुक रखती हैं। उनके परिवार का सेना से गहरा जुड़ाव रहा है। उनके दादा भी भारतीय सेना में सेवा दे चुके हैं। सैन्य परंपरा को आगे बढ़ाते हुए कर्नल सोफिया ने न सिर्फ देश की सेवा में अहम भूमिका निभाई है, बल्कि उन्होंने एक नई मिसाल भी कायम की है। वह एक अंतरराष्ट्रीय आर्मी ट्रेनिंग कंटिंजेंट का नेतृत्व करने वाली पहली भारतीय महिला अधिकारी हैं।
विंग कमांडर व्योमिका सिंह भारतीय वायुसेना में पायलट के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने छठी कक्षा में ही उन्होंने तय कर लिया था कि वह पायलट बनेंगी। आज वो उस सपने को सच कर देश की रक्षा में योगदान दे रही हैं।