नई दिल्ली: इलाहाबाद हाईकोर्ट में संभल की शाही जामा मस्जिद को लेकर आज अहम सुनवाई होगी। 10 मार्च को हुई पिछली सुनवाई में हाईकोर्ट ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) से हलफनामा मांगा था। अब देखना होगा कि इस मामले क्या फैसला होता है. पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने ट्रेन हाईजैक कर बड़ा हमला किया है। 24 घंटे में 30 पाकिस्तानी सैनिक मारे गये हैं। उधर हरियाणा में हुए स्थानीय निकाय चुनाव की 8 बजे से मतगणना चल रही है। आइए नजर डालते है आज की 5 बड़ी ख़बरों पर:
इलाहाबाद हाईकोर्ट में संभल की शाही जामा मस्जिद को लेकर आज अहम सुनवाई होगी। यह सुनवाई सुबह 10 बजे से शुरू होगी। मस्जिद कमेटी ने रंगाई-पुताई की अनुमति के लिए सिविल रिवीजन याचिका दायर की थी। 10 मार्च को हुई पिछली सुनवाई में हाईकोर्ट ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) से हलफनामा मांगा था। इस मामले में आगे क्या फैसला होता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने बड़ा हमला किया है। आतंकियों ने मंगलवार को जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को हाईजैक कर लिया। इस दौरान 24 घंटे के अंदर 30 पाकिस्तानी सैनिकों की हत्या कर दी गई हैं। पाकिस्तानी सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए 16 विद्रोहियों को मार गिराया और 104 बंधकों को छुड़ा लिया। रमजान के पवित्र महीने में हुई इस हिंसा से पाकिस्तान में हालात और खराब हो गए हैं।
अमेरिका के नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति जेडी वेंस जल्द ही भारत दौरे पर आ सकते हैं। वह अपनी भारतवंशी पत्नी उषा वेंस के साथ मार्च के आखिरी सप्ताह में भारत यात्रा पर आ सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह उनका दूसरा अंतरराष्ट्रीय दौरा होगा। इससे पहले वे जर्मनी और फ्रांस का दौरा कर चुके हैं। वेंस की यह यात्रा भारत-अमेरिका के संबंधों के लिहाज से अहम मानी जा रही है।
दिल्ली में आज राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) की अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक को दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) ने बुलाई है। यह बैठक शाम 4 बजे राज निवास में होगी। इसमें दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत NDMA के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में आपदा प्रबंधन और दिल्ली की तैयारियों पर चर्चा होगी।
हरियाणा के पानीपत नगर निगम चुनाव के नतीजे आज घोषित किए जाएंगे। सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो चुकी है। पानीपत नगर निगम चुनाव के लिए 9 मार्च को मतदान हुआ था इस चुनाव में करीब 4 लाख पात्र मतदाताओं में से 52.2% लोगों ने वोट डाला।