Inkhabar
  • होम
  • देश-प्रदेश
  • आज की 5 बड़ी ख़बरें: पंजाब-हरियाणा में आंदोलन कर रहें किसानों के खिलाफ हुई बड़ी कार्रवाई, IPL 2025 से पहले आज होगी टीम की बैठक

आज की 5 बड़ी ख़बरें: पंजाब-हरियाणा में आंदोलन कर रहें किसानों के खिलाफ हुई बड़ी कार्रवाई, IPL 2025 से पहले आज होगी टीम की बैठक

पंजाब पुलिस ने 13 महीने से बंद हरियाणा-पंजाब के शंभू और खनौरी बॉर्डर को खाली करा दिया। आंदोलन कर रहे किसानों को हटाने के दौरान 700 किसानों को हिरासत में लिया गया। एयर इंडिया और एयर न्यूजीलैंड ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच हवाई संपर्क को मजबूत करने के लिए समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए हैं। आइए जानते है आज की 5 बड़ी खबरें

Top 5 news today, Punjab Haryana border
inkhbar News
  • Last Updated: March 20, 2025 09:15:56 IST

नई दिल्ली: पंजाब पुलिस ने 13 महीने से बंद शंभू और खनौरी बॉर्डर को खाली कराकर 700 किसानों को हिरासत में लिया है। वहीं अब हरियाणा पुलिस भी बैरिकेडिंग हटाने के लिए मौके पर जाएगी। वहीं IPL 2025 से पहले 20 मार्च यानि आज मुंबई में टीमों के कप्तानों और मैनेजर्स की अहम बैठक होगी। उधर भारत और न्यूजीलैंड के बीच हवाई संपर्क बढ़ाने के लिए एयर इंडिया और एयर न्यूजीलैंड ने समझौता किया। आइए नज़र डालते हैं आज की पांच बड़ी ख़बरों पर:

1. पंजाब-हरियाणा बॉर्डर को कराया गया खाली

पंजाब पुलिस ने 13 महीने से बंद हरियाणा-पंजाब के शंभू और खनौरी बॉर्डर को खाली करा दिया। आंदोलन कर रहे किसानों को हटाने के दौरान 700 किसानों को हिरासत में लिया गया। बुलडोजर की मदद से किसानों के बनाए गए शेड तोड़ दिए गए। अब हरियाणा पुलिस भी बैरिकेडिंग हटाने के लिए मौके पर जाएगी, जिसके बाद जीटी रोड पर यातायात बहाल होगा। इससे पहले किसानों और केंद्र सरकार के बीच चंडीगढ़ में हुई वार्ता बेनतीजा रही।

2. दिल्ली में पुलिस और बदमाशों के बीच एनकाउंटर

दिल्ली के रोहिणी के बेगमपुर इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो बदमाशों को गोली लगी। इस दौरान पुलिस ने तीन अन्य बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इस घटना के बाद पुलिस इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने में जुटी है।

3. IPL 2025 से पहले मुंबई में अहम बैठक

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2025) से पहले सभी 10 टीमों के कप्तान और फ्रेंचाइजी मैनेजर्स 20 मार्च यानि आज मुंबई में बैठक करेंगे। यह मीटिंग भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के हेडक्वार्टर में होगी, जिसमें आगामी सीजन के नए नियमों और बदलावों पर चर्चा होगी। बैठक के बाद ताज होटल में स्पॉन्सर्स और प्रमोशनल इवेंट्स भी आयोजित किए जाएंगे।

4. भारत-न्यूजीलैंड के बीच हवाई यात्रा को लेकर बड़ा समझौता

एयर इंडिया और एयर न्यूजीलैंड ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच हवाई संपर्क को मजबूत करने के लिए समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता मुंबई में न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन की मौजूदगी में हुआ। इससे 16 मार्गों पर कोडशेयर भागीदारी स्थापित ही जाएगी, जिससे भारतीय यात्री सिडनी, मेलबर्न या सिंगापुर के जरिए न्यूजीलैंड के प्रमुख शहरों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।

5. देशभर में बदल रहा मौसम, कई राज्यों में अलर्ट

देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दिल्ली में तापमान में बढ़ोतरी हो रही है, जबकि उत्तर प्रदेश के 29 जिलों में बारिश की संभावना है। बिहार में 22-23 मार्च को ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ में 20 से 23 मार्च तक लू चलने का अलर्ट है, जहां तापमान 41 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं कश्मीर में 27 मार्च से बर्फबारी होने की संभावना है।

ये भी पढ़ें: दिल्ली NCR के तापमान में हुई बढ़ोतरी, UP में बारिश को लेकर येलो अलर्ट, जानें आज का वेदर अपडेट

Tags