Inkhabar
  • होम
  • देश-प्रदेश
  • आज की 5 बड़ी खबरें: श्रीलंका में PM मोदी को मिला गार्ड ऑफ ऑनर, रामलला के जन्मोत्सव की अयोध्या में भव्य तैयारियां

आज की 5 बड़ी खबरें: श्रीलंका में PM मोदी को मिला गार्ड ऑफ ऑनर, रामलला के जन्मोत्सव की अयोध्या में भव्य तैयारियां

आज की 5 अहम खबरें जो सुर्खियों में बनी हुई हैं। पीएम मोदी के श्रीलंका दौरे से लेकर अयोध्या में रामनवमी की तैयारियों और पापुआ न्यू गिनी में आए भूकंप तक ।

आज की 5 बड़ी खबरें
inkhbar News
  • Last Updated: April 5, 2025 10:16:20 IST

नई दिल्ली: आज की 5 अहम खबरें जो सुर्खियों में बनी हुई हैं। पीएम मोदी के श्रीलंका दौरे से लेकर अयोध्या में रामनवमी की तैयारियों और पापुआ न्यू गिनी में आए भूकंप तक, आइए नजर डालते हैं आज की टॉप हेडलाइंस पर:

1. श्रीलंका दौरे पर PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय श्रीलंका यात्रा पर कोलंबो पहुंचे, जहां उनका शानदार स्वागत किया गया। शनिवार सुबह उन्हें औपचारिक रूप से गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया गया। इससे पहले शुक्रवार शाम श्रीलंका सरकार के पांच मंत्री एयरपोर्ट पर अगवानी के लिए पहुंचे थे। बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के लोगों ने ‘मोदी-मोदी’ के नारों के साथ उनका स्वागत किया।

2. दुल्हन सी सजी अयोध्या

भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या इन दिनों दुल्हन की तरह सजाई गई है। रामलला के जन्मोत्सव के लिए की गई तैयारियों के बीच शहर में उत्सव जैसा माहौल है। प्रशासन ने 25 से 30 लाख श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना जताई है और सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए हैं। कल यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम देखने को मिलेगी।

3. अमेरिका-चीन टैरिफ वॉर ने मचाया आर्थिक भूचाल

अमेरिका द्वारा शुरू किए गए टैरिफ वॉर के जवाब में चीन ने बड़ा कदम उठाते हुए अमेरिकी वस्तुओं पर 34% का भारी आयात शुल्क लगा दिया है। इसका असर अमेरिका के शेयर बाजारों पर साफ दिखाई दे रहा है। S&P 500 में 6% और डाउ जोन्स में 5.5% की गिरावट आई है, जिससे दो दिनों में बाजार मूल्य में करीब 5 ट्रिलियन डॉलर का नुकसान हुआ है।

4. पापुआ न्यू गिनी में भूकंप के तेज झटके

शनिवार सुबह पापुआ न्यू गिनी के न्यू ब्रिटेन द्वीप के पास 6.9 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसके बाद क्षेत्र में सुनामी की आशंका को देखते हुए अलर्ट जारी कर दिया गया है। अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक, यह झटके समुद्र तट के काफी करीब महसूस किए गए।

5. कर्नाटक में महिला के साथ गैंगरेप, बेटों के सामने हुई दरिंदगी

कर्नाटक के दावणगेरे जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां देवी दर्शन से लौट रही एक महिला के साथ उसके बेटों के सामने बलात्कार किया गया। आरोपी बस ड्राइवर और कंडक्टर समेत तीन लोग घटना में शामिल पाए गए हैं। पहले तो स्थानीय पुलिस पर मामले को दबाने का आरोप लगा, लेकिन विजयनगर जिले के एसपी के हस्तक्षेप के बाद कार्रवाई की गई और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

यह भी पढ़ें: 

मोदी के स्वागत के लिए श्रीलंका एयरपोर्ट पर उतरे 5 मंत्री, भारत के प्रधानमंत्री का कोलंबो में ग्रैंड वेलकम