नई दिल्ली: बारिश के बाद उत्तर भारत के कई राज्यों में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश और बिहार में शीतलहर का असर साफ दिख रहा है। वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी ने ठंड को और बढ़ा दिया है।
दिल्ली एनसीआर में बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, 13 और 14 जनवरी को आसमान साफ रहेगा और हल्की धूप खिलने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में भीषण ठंड जारी है। लखनऊ समेत राज्य के कई हिस्सों में रात के समय ठंड का प्रभाव अधिक महसूस किया जा रहा है, हालांकि दिन में तेज धूप से थोड़ी राहत मिल रही है। बिहार में घने कोहरे के कारण येलो अलर्ट जारी किया गया है। सड़क पर यात्रा करने वालों को सतर्क रहने और धीमी गति से वाहन चलाने की सलाह दी गई है। साथ ही मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक ठंड का असर जारी रहने का अनुमान जताया है।
राजस्थान के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और घने कोहरे ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। चुरू जिले के सादुलपुर में 24 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि जैसलमेर का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं जयपुर और आसपास के इलाकों में घने कोहरे के कारण दृश्यता कम हो गई है। 15 जनवरी से राज्य में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे उदयपुर और कोटा समेत कई इलाकों में बारिश हो सकती है।
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी है। कश्मीर घाटी में बादल छाए रहने से हल्की राहत मिली है, लेकिन श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से तीन डिग्री नीचे और पहलगाम में शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
ये भी पढ़ें: शाह ने दिया अजित पवार को बड़ा झटका, महाराष्ट्र में अब एक नहीं होंगे चाचा-भतीजा!