अयोध्या/लखनऊ/नई दिल्ली। क्रिकेटर विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा रविवार की सुबह अयोध्या पहुंचे। दोनों ने सुबह 7 बजे रामलला के दर्शन किए। वो मंदिर परिसर में लगभग आधे घंटे तक रुके। इस दौरान उन्होंने राम दरबार सहित पूरे मंदिर को देखा और पुजारियों से राम मंदिर की मूर्तियों और कलाकारी के बारे में जानकारी प्राप्त की।
हनुमानगढ़ी भी गए
रामलला के दर्शन के बाद दोनों हनुमानगढ़ी भी पहुंचे, जहां उन्होंने लगभग 20 मिनट तक पूजा-अर्चना की। इसके बाद दोनों लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
बता दें कि विराट और अनुष्का के अयोध्या आने की जानकारी पहले से नहीं थी। वो लखनऊ से कार के जरिए अयोध्या पहुंचे थे। अयोध्या यात्रा के दौरान उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी।
सवा किलो लड्डू चढ़ाए
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विराट और अनुष्का रविवार सुबह 8 बजे हनुमानगढ़ी मंदिर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले हनुमान जी को प्रणाम किया। विराट ने सवा किलो लड्डू और फूलों की माला भगवान हनुमान को अर्पित की। दोनों कुछ देर तक हाथ जोड़कर वहां खड़े रहे।
इसके बाद मंदिर के पुजारी ने उन्हें सफेद और लाल फूलों की दो मालाएं पहनाईं और सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया। अनुष्का को पीले फूलों की दो मालाएं पहनाई गईं और उन्हें भी आशीर्वाद दिया गया। फिर वहां के महंत ने दोनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
यह भी पढ़ें-
तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर भारत, नीति आयोग की 10वीं बैठक में जाने क्या-क्या हुआ?