नई दिल्ली: मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में मौसम के फिर करवट लेने का पूर्वानुमान जताया है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश की संभावना है। विभाग ने बताया कि दो पश्चिमी विक्षोभों के कारण पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र पर असर पड़ेगा, जिससे पहाड़ी और मैदानी इलाकों में बारिश और ठंड बढ़ने की संभावना है। साथ ही, कोहरा और शीतलहर को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।
76वें गणतंत्र दिवस पर दिल्ली और उत्तर प्रदेश का मौसम बेहद सुहाना रहा। दिल्ली में दिन का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हल्की धूप और ठंडी हवाओं ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। हालांकि सोमवार सुबह दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में घने कोहरे के कारण वाहन चालकों को परेशानी हुई।
मौसम विभाग के मुताबिक, 29 जनवरी से 1 फरवरी के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इसका असर दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब जैसे मैदानी इलाकों पर भी पड़ेगा। हल्की बारिश से ठंड फिर से बढ़ने की उम्मीद है। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर और त्रिपुरा में घना कोहरा छाने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश, पंजाब और राजस्थान के कुछ इलाकों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।
देश के कई मैदानी इलाकों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। उत्तर-पश्चिम और उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान 5-10 डिग्री सेल्सियस के बीच है। मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 10-18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। बिहार, राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली जैसे इलाकों में तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है।
ये भी पढ़ें: बाघ ने किया महिला पर हमला, 48 घंटे के लिए वायनाड में लगा कर्फ्यू