Inkhabar
  • होम
  • देश-प्रदेश
  • Weather update: मसूरी-शिमला से भी सर्द रही कल की सुबह, जानें आज के मौसम का हाल

Weather update: मसूरी-शिमला से भी सर्द रही कल की सुबह, जानें आज के मौसम का हाल

नई दिल्लीः दिल्ली में आज सवेरे धुंध छाने से मौसम ठंडा है। बर्फीली हवाओं से शुक्रवार को दिल्ली की सुबह मसूरी-शिमला से भी ठंडी दर्ज की गई। शुक्रवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि मसूरी का 6.2 डिग्री और शिमला का 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। यह […]

Weather update: Yesterday morning was colder than Mussoorie-Shimla, know today's weather condition
inkhbar News
  • Last Updated: December 16, 2023 07:56:50 IST

नई दिल्लीः दिल्ली में आज सवेरे धुंध छाने से मौसम ठंडा है। बर्फीली हवाओं से शुक्रवार को दिल्ली की सुबह मसूरी-शिमला से भी ठंडी दर्ज की गई। शुक्रवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि मसूरी का 6.2 डिग्री और शिमला का 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। यह इस सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान रहा। गिरते तापमान के बीच कई लोग रैन बसेरों में रात बिता रहे हैं।

शुक्रवार की सुबह रही बेहद ठंडी

प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली के अनुसार दिल्ली का न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से चार डिग्री कम है। वहीं अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा रहा। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को दिन में उत्तर और उत्तर-पश्चिमी दिशाओं से ठंडी हवाएं चलीं। सुबह धुंध छाने से मौसम सर्द रहा। दोपहर बाद खिली धूप से मामूली राहत मिली। विभाग के अनुसार शनिवार को मौसम में मामूली राहत मिल सकती है। उम्मीद है कि न्यूनतम तापमान कुछ बढ़ेगा। हालांकि, 19 दिसंबर तक तापमान बढ़ने का अनुमान जताया गया है। उसके बाद फिर से तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।

आज मौसम में मिल सकती मामूली राहत

विभाग के अनुसार शनिवार को आसमान साफ रहने की संभावना जताई गई है। सुबह हल्का कोहरा छाने का अनुमान लगाया गया था। इस दौरान अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद जताई गई है। इस बीच, उत्तर और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में शुक्रवार सुबह कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई और सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हुआ।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पंजाब सहित उत्तर भारत के कई इलाकों में घना कोहरा रहा। जबकि उत्तर प्रदेश, बिहार, असम, मेघालय और त्रिपुरा के अलग-अलग इलाकों में शुक्रवार सुबह हल्का से मध्यम कोहरा रहा। उत्तर भारत के कई इलाकों में शीत लहर की स्थिति बनी रही। सुबह साढ़े पांच बजे दृश्यता कई स्थानों पर 500 मीटर से कम या उसके बराबर दर्ज की गई। पंजाब के अमृतसर में दृश्यता शून्य रही, जबकि पटियाला में दृश्यता 500 मीटर रही।