UPSC News: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2024 के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं, जिसमें इस बार महिलाओं ने शानदार प्रदर्शन किया है। टॉप-5 में तीन महिला अभ्यर्थियों ने अपनी जगह बनाई है। इस मौके पर नगीना लोकसभा से सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के संस्थापक चंद्रशेखर आज़ाद ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे सामाजिक परिवर्तन और लैंगिक समानता की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम बताया।

चंद्रशेखर ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा

चंद्रशेखर ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि टॉपर शक्ति दुबे समेत तीन महिलाओं का शीर्ष स्थान हासिल करना न केवल गर्व की बात है, बल्कि यह सावित्रीबाई फुले के उस ऐतिहासिक योगदान का परिणाम है, जब उन्होंने लड़कियों के लिए पहला स्कूल खोला था। उन्होंने इसे संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के समतामूलक भारत के विजन की सजीव अभिव्यक्ति भी कहा। उन्होंने सभी सफल उम्मीदवारों को शुभकामनाएं दीं।

इस वर्ष टॉपर बनीं शक्ति

इस वर्ष टॉपर बनीं शक्ति दुबे ने अपने पांचवें प्रयास में यह सफलता हासिल की है। उन्होंने राजनीति विज्ञान और अंतरराष्ट्रीय संबंध को वैकल्पिक विषय के रूप में चुना था। शक्ति ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बायोकेमिस्ट्री में स्नातक और काशी हिंदू विश्वविद्यालय से विज्ञान में परास्नातक किया है। उन्हें कविताएं लिखने और कैंसर पर रिसर्च करने में रुचि है।

हर्षिता गोयल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया

हरियाणा की हर्षिता गोयल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी, बड़ौदा से बीकॉम और चार्टर्ड अकाउंटेंसी में परास्नातक किया है। तीसरे स्थान पर महाराष्ट्र के डोंगरे अर्चित पराग रहे हैं।

 

हर्षिता, राजनीति विज्ञान को वैकल्पिक विषय बनाकर तीसरे प्रयास में सफल हुई हैं। वह वडोदरा स्थित एक एनजीओ में स्वयंसेवक के रूप में कार्यरत हैं और ऐक्रेलिक पेंटिंग की शौकीन हैं।

सिविल सेवा परीक्षा 2024 में महिलाओं की भागीदारी और सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि भारतीय समाज तेजी से सकारात्मक बदलाव की ओर बढ़ रहा है।

ये भी पढ़े : पत्रकार सौम्या हत्या मामले में दोषियों को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, SC दिल्ली हाई कोर्ट के फैसले से इंकार नहीं