Kedarnath Helicopter Crash:उत्तराखंड में केदारनाथ के पास रविवार को एक निजी कंपनी का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में पायलट और एक बच्चे समेत सात लोगों की मौत हो गई। पायलट का नाम राजवीर सिंह था, जो जयपुर के शास्त्री नगर इलाके का रहने वाला था। वह 4 महीने पहले ही जुड़वां बच्चों का पिता बना था। उसकी पत्नी दीपिका भी पायलट है।परिवार मूल रूप से दौसा जिले के महुआ इलाके का रहने वाला है। राजवीर सिंह 14 साल सेना में सेवा देने के बाद रिटायर हुए थे। वह सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर थे। करीब एक महीने पहले ही वह घर आए थे। राजवीर सिंह ने पिछले साल ही आर्यन एविएशन कंपनी जॉइन की थी। उन्हें 2000 घंटे से ज्यादा उड़ान का अनुभव था।
परिवार के लोगों को कुछ घंटे पहले ही राजवीर सिंह की मौत की खबर मिली है। पिता, पत्नी और अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोई भी बात करने की स्थिति में नहीं है। परिवार के सभी रिश्तेदार और करीबी भी घर पहुंचकर दुख जता रहे हैं। जुड़वां बच्चों को जन्म देने के कारण उनकी पत्नी इन दिनों छुट्टी पर घर पर ही रह रही थीं। वहीं, सीएम भजन लाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और राज्य के कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर समेत कई अन्य नेताओं ने राजवीर सिंह और अन्य की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि दी है और शोक संतप्त परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने पायलट और राजस्थान के अन्य श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की है। सीएम भजन लाल शर्मा ने ट्वीट किया, ‘केदारनाथ में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में पायलट और राजस्थान के अन्य श्रद्धालुओं की जान जाने की खबर बेहद दुखद है। बाबा केदार दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति दें।
पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने कहा, ‘केदारनाथ के पास हेलीकॉप्टर दुर्घटना में जयपुर निवासी पायलट राजवीर सिंह चौहान समेत सात लोगों की मौत बेहद दुखद है। इस कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं, ईश्वर उन्हें यह आघात सहने की शक्ति प्रदान करें तथा दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें।’
UP के मथुरा में बड़ा हादसा, अचानक गिर गए 8 मकान, मलबे में दबे लोग, वीडियो देख कांप जाएगी रूह