नई दिल्ली: देशभर में मौसम के मिजाज में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। कहीं ठंड का असर बना हुआ है, तो कहीं दिन में गर्मी महसूस की जा रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, कई राज्यों में तेज हवाएं चलने से तापमान में गिरावट आ सकती है। पछुआ हवाओं के कारण धूप का असर कम हो रहा है, जिससे कड़ाके की सर्दी से राहत जरूर मिली है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और अरुणाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10-12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। रात में कहीं-कहीं हल्का कोहरा छाने की संभावना है। अगले कुछ दिनों में तापमान में 1-2 डिग्री की गिरावट देखी जा सकती है। हालांकि 25 फरवरी के बाद गर्मी बढ़ने के आसार हैं। सोमवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश में 20 फरवरी तक दिन में गर्मी महसूस होगी, जबकि सुबह और रात में हल्का कोहरा छा सकता है। लखनऊ, कानपुर, आगरा, वाराणसी, मेरठ और प्रयागराज में दिन का तापमान सामान्य से अधिक बना रहेगा। वहीं बिहार में पछुआ हवाओं के चलते सुबह और शाम हल्की ठंड बनी हुई है। अगले 24 घंटों में राज्य के कुछ हिस्सों में मौसम बदलाव होने का अनुमान हैं।
राजस्थान में मौसम शुष्क बना हुआ है, हालांकि कुछ इलाकों में तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। फतेहपुर (सीकर) 3.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा।
हिमाचल प्रदेश में शिमला, कुल्लू, किन्नौर, लाहौल-स्पीति और चंबा में बर्फबारी की संभावना है, जिसके चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं जम्मू-कश्मीर में लंबे समय से शुष्क मौसम बना हुआ है, जिससे दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सोमवार को प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्के बादल छाए रहे। पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले कुछ दिनों में तापमान में गिरावट आ सकती है।
ये भी पढे़ं: पंजाब के आप विधायकों की बैठक से पहले नाराज माननीय दिल्ली पहुंचे, दिया संदेश CM बदलो नहीं तो…