Inkhabar
  • होम
  • राजनीति
  • Rajya Sabha Elections 2022 : 10 जून को वोटिंग से पहले राज्यसभा के लिए चुने गए 41 निर्विरोध उम्मीदवार, देखें पूरी लिस्ट

Rajya Sabha Elections 2022 : 10 जून को वोटिंग से पहले राज्यसभा के लिए चुने गए 41 निर्विरोध उम्मीदवार, देखें पूरी लिस्ट

नई दिल्ली। राज्यसभा के 10 जून को होने वाले द्विवार्षिक चुनाव (Rajya Sabha Elections 2022) के लिए नामांकन दाखिल करने वाले 41 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए। ये निर्वाचित प्रत्याशी उत्तर प्रदेश, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, बिहार, पंजाब एवं तमिलनाडु से राज्यसभा पहुंचे हैं। विजयी उम्मीदवारों में भाजपा,कांग्रेस, रालोद, सपा, झामुमो, द्रमुक,आप, अन्नाद्रमुक एवं […]

rajyasbha election
inkhbar News
  • Last Updated: June 4, 2022 09:13:59 IST

नई दिल्ली। राज्यसभा के 10 जून को होने वाले द्विवार्षिक चुनाव (Rajya Sabha Elections 2022) के लिए नामांकन दाखिल करने वाले 41 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए। ये निर्वाचित प्रत्याशी उत्तर प्रदेश, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, बिहार, पंजाब एवं तमिलनाडु से राज्यसभा पहुंचे हैं। विजयी उम्मीदवारों में भाजपा,कांग्रेस, रालोद, सपा, झामुमो, द्रमुक,आप, अन्नाद्रमुक एवं वाईएसआर कांग्रेस पार्टियों के अलावा एक निर्दलीय प्रत्याशी शामिल हैं। चुनाव से नाम का 3 जून अंतिम दिन था।

राज्यसभा के चुनाव 10 को होने वाले द्विवार्षिक चुनाव

उत्तर प्रदेश : भाजपा के आठ सदस्य समेत 11 निर्विरोध जीते

राज्यसभा के लिए उत्तर प्रदेश से भाजपा के आठ सदस्यों सहित 11 सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं। इन चुने गए राज्यसभा सदस्यों में आठ सदस्य भाजपा के है. ये वो लक्ष्मीकांत वाजपेयी, सुरेंद्र नागर, डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल, बाबूराम निषाद, मिथिलेश कुमार, डॉ. के. लक्ष्मण, संगीता यादव एवं दर्शन सिंह हैं। वहीं, राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के अध्यक्ष जयंत चौधरी को भी निर्वाचित घोषित किया गया है. कपिल सिब्बल को भी निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुना गया है। दोनों को समाजवादी पार्टी के समर्थन से चुना गया है। समाजवादी पार्टी के जावेद अली भी चुने गए हैं। निर्वाचन अधिकारी बृजभूषण दुबे ने निर्वाचित सदस्यों को उनके प्रमाण पत्र दिए।

झारखंड : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की महुआ माजी और भाजपा के आदित्य साहू को शुक्रवार को झारखंड से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। झारखंड विधानसभा के सचिव और चुनाव के लिए रिटर्निंग अधिकारी सैयद जावेद हैदर ने नतीजों की घोषणा की। राज्य की 81 सदस्यीय विधानसभा में झामुमो के 30 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के 17 विधायक तथा मुख्य विपक्षी दल भाजपा के 26 विधायक हैं।

पंजाब : पंजाब से आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवारों पर्यावरणविद बलबीर सिंह सीचेवाल और उद्यमी एवं सामाजिक कार्यकर्ता विक्रमजीत सिंह साहनी को निर्विरोध चुन लिया गया है। पंजाब विधानसभा के निर्वाचन अधिकारी सह सचिव सुरिंदर पाल ने बताया कि सीचेवाल और साहनी दोनों को निर्विरोध विजेता घोषित किया गया है।

मध्यप्रदेश : वरिष्ठ वकील एवं कांग्रेस नेता विवेक तन्खा, भाजपा की महिला नेता कविता पाटीदार और सुमित्रा वाल्मीकि को शुक्रवार को मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।

छत्तीसगढ़ : छत्तीसगढ़ में सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन शुक्रवार को राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुन लिए गए। विधानसभा के सचिव दिनेश शर्मा ने यह जानकारी दी। शर्मा ने बताया, कांग्रेस उम्मीदवार रंजीत रंजन ने स्वयं उपस्थित होकर जबकि राजीव शुक्ला की ओर से उनके भाई ने उनका निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्राप्त किया।

बिहार : बिहार से राज्यसभा की पांचों सीटों के लिए जदयू, भाजपा और राजद के प्रत्याशी शुकवार को निर्विरोध निर्वाचित हो गए। जदयू प्रत्याशी खीरू महतो, भाजपा उम्मीदवार सतीश चंद्र दूबे एवं शंभू शरण पटेल जबकि राजद प्रत्याशी मीसा भारती और डॉ. फैयाज अहमद को जीत का प्रमाणपत्र अपराह्न करीब चार बजे दिया गया। विधानसभा सचिव शैलेंद्र सिंह ने यह जानकारी दी।

तमिलनाडु :  तमिलनाडु से नामांकन दाखिल करने वाले सभी छह उम्मीदवारों को अधिकारियों ने शुक्रवार को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया। इनमें सत्ताधारी द्रमुक के तीन उम्मीदवार भी हैं। निर्विरोध निर्वाचित होने वालों में सत्ताधारी द्रमुक के एस कल्याणसुंदरम, आर गिरिराजन और केआरएन राजेश कुमार, अन्नाद्रमुक के सीवी शनमुगम और आर धर्मर एवं कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार पी. चिदंबरम शामिल हैं। चिदंबरम के चयन के साथ कांग्रेस पार्टी के पास लंबे अंतराल के बाद राज्यसभा में तमिलनाडु से एक सदस्य होगा।

उत्तराखंड : भाजपा नेता डॉ. कल्पना सैनी राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हो गई हैं। शुक्रवार को विधानसभा भवन में रिटर्निंग अफसर और विधानसभा के सचिव मुकेश सिंघल ने उन्हें निर्वाचन सर्टिफिकेट सौंपा।

आंध्र प्रदेश : आंध्र प्रदेश से राज्यसभा के लिए हुए द्विवार्षिक चुनाव में शुक्रवार को वाईएसआर कांग्रेस (वाईएसआरसी) के चार प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मुकेश कुमार मीणा ने यह घोषणा की। निर्वाचित उम्मीदवारों में वी. विजयसाई रेड्डी, बी. मस्तान राव, आर. कृष्णैया और एस. निरंजन रेड्डी शामिल हैं। राज्यसभा में अब वाईएसआर कांग्रेस के सदस्यों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। आंध्र प्रदेश से राज्यसभा की 11 सीटें हैं। उनमें से एक सीट भाजपा और एक सीट तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के पास है।

यह पढ़े-

क्या है लैंड फॉर जॉब स्कैम, जिसमें उलझ गए लालू, इन मामलों में पहले ही लटक रही है तलवार