बेंगलुरु: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के फैंस का जुनून हमेशा से अलग स्तर पर रहा है। कभी कोई टीम की जर्सी के साथ धार्मिक आयोजन में हिस्सा लेता है, तो कभी जीत की खुशी में हजारों फैंस सड़कों पर उतर आते हैं। अब एक और ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक फैन ने अपने दीवानेपन की हदें पार कर दी हैं। इस वीडियो में एक RCB समर्थक आग के जलते अंगारों पर चलते नजर आ रहा है।

जलते हुए अंगारों पर चलते दिख रहे

यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें तीन लोग जलते हुए अंगारों पर चलते दिख रहे हैं। सबसे पहले एक फैन हाथ जोड़े हुए दिखाई देता है, जैसे वह दुआ कर रहा हो कि इस बार RCB जरूर चैंपियन बने। इसके बाद दो बच्चे भी उसी आग के रास्ते पर चलते नजर आते हैं। यह नजारा देखकर क्रिकेट प्रेमी हैरान रह गए हैं।

गौरतलब है कि RCB की टीम को अक्सर ट्रोल किया जाता है क्योंकि कई बार वह अहम मौकों पर अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद खिताब से चूक जाती है। बेहतरीन खिलाड़ियों और मजबूत बॉलिंग लाइनअप के बावजूद टीम कई बार 200 से अधिक के स्कोर को भी डिफेंड करने में असफल रही है। हालांकि, इस बार फैंस को उम्मीद है कि RCB का प्रदर्शन कुछ अलग होगा।

क्या रजत पाटीदार बदलेंगे RCB की किस्मत?

आईपीएल 2022 के बाद फाफ डु प्लेसिस ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की कप्तानी संभाली थी। तब अटकलें थीं कि उनके बाद विराट कोहली फिर से टीम की कमान संभालेंगे। लेकिन इस बार RCB ने बड़ा फैसला लेते हुए 31 वर्षीय रजत पाटीदार को नया कप्तान नियुक्त कर दिया। रजत पाटीदार के पास आईपीएल में कप्तानी का कोई अनुभव नहीं है, लेकिन उन्होंने घरेलू क्रिकेट में मध्य प्रदेश टीम की अगुवाई की है। उनकी कप्तानी में मध्य प्रदेश ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024-25 के फाइनल में जगह बनाई थी। इसके अलावा, उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में भी एमपी टीम की कमान संभाली थी।

Read Also: आईपीएल में 3 गेंदों पर 3 कैच छोड़े! एक जैसे शॉट्स का हैरान कर देने वाला वीडियो देखें