नई दिल्ली: दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 9 विकेट से हराकर विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2025 में शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही दिल्ली कैपिटल्स ने अंक तालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया है।
मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 123 रन बनाए। उनकी शुरुआत ठीक रही, लेकिन बाद में टीम लड़खड़ा गई। एक समय मुंबई ने 2 विकेट खोकर 73 रन बना लिए थे, लेकिन इसके बाद विकेटों का पतझड़ शुरू हो गया। टीम ने अपने आखिरी 8 विकेट सिर्फ 50 रन के अंदर गंवा दिए।
दिल्ली की ओर से गेंदबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया। जेस जोनासन ने 4 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट लिए। मीनू मणि ने भी 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके, जिससे मुंबई की टीम दबाव में आ गई। इसके अलावा शिखा पांडे और एनाबेल सदरलैंड ने भी 1-1 विकेट लिया।
124 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने सिर्फ 1 विकेट खोकर 33 गेंद शेष रहते जीत हासिल कर ली। कप्तान मेग लैनिंग ने 60 रनों की शानदार नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि शेफाली वर्मा ने 43 रन बनाए। दोनों खिलाड़ियों की दमदार बल्लेबाजी ने मुंबई को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स ने WPL 2025 में 6 मैचों में 4 जीत के साथ 8 अंक जुटा लिए हैं और अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, मुंबई इंडियंस 6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर बनी हुई है। कप्तान मेग लैनिंग की अगुवाई में दिल्ली लगातार तीसरी बार फाइनल में जगह बनाने की ओर बढ़ रही है।
Read Also: AUS vs AFG: बारिश ने बिगाड़ा खेल! मैच रद्द, लेकिन कंगारुओं ने सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया