मुंबई: नवी मुंबई के ऐरोली सेक्टर-4 में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक होटल में खाने में चूहे का बच्चा मिलने से हड़कंप मच गया। बता दें अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर कुछ महिलाएं ऐरोली स्थित पर्पल बटरफ्लाई होटल में डिनर करने गई थीं। इसी दौरान मंचूरियन खाते समय उन्हें खाने में चूहे का बच्चा नजर आया। जैसे ही यह बात सामने आई, महिलाओं ने होटल प्रबंधन से शिकायत की, लेकिन शुरुआत में स्टाफ ने इसे मानने से इनकार कर दिया। इसके बाद महिलाओं ने कड़ा विरोध जताया, तब जाकर होटल ने अपनी गलती स्वीकार की।
घटना के बाद महिलाएं सीधे रबाले पुलिस स्टेशन पहुंचीं और होटल प्रबंधन के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने फोटो और सबूतों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया और तुरंत होटल का निरीक्षण किया। बता दें शिकायतकर्ता ज्योति कोंडे ने बताया कि वे महिला दिवस का जश्न मनाने के लिए दोस्तों के साथ बाहर गई थीं। उन्होंने होटल में कई तरह की डिशेज ऑर्डर कीं, लेकिन मंचूरियन खाते समय उन्हें उसमें चूहे का बच्चा दिखाई दिया। जब उन्होंने होटल मैनेजर से इस बारे में शिकायत की, तो स्टाफ एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर बचने की कोशिश करने लगा। यहां तक कि वे दूसरी डिश देने की पेशकश भी करने लगे, जिससे महिलाएं और नाराज हो गईं।
महिलाओं का कहना है कि वे इस मामले को यहीं नहीं छोड़ेंगी और खाद्य विभाग में भी शिकायत दर्ज कराएंगी। उनका कहना है कि अगर होटल प्रबंधन इसी तरह लापरवाही से काम करता रहा, तो लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ होता रहेगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि होटल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
ये भी पढ़ें: वैज्ञानिकों का बड़ा दावा: गाय से तीन गुना ज्यादा पौष्टिक हो सकता है कॉकरोच का दूध?