रायपुर: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के कवर्धा में एक गुड़ फैक्ट्री में बड़े स्तर पर मिलावट का मामला सामने आया है। यहां गुड़ में पत्थर का चूरा मिलाकर लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ किया जा रहा था। फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने छापेमारी के दौरान फैक्ट्री से 310 क्विंटल पत्थर का चूरा बरामद किया, जो 620 बोरियों में भरा हुआ था। यह मिलावट गुड़ को वजनदार बनाने के लिए की जा रही थी।

मां दुर्गा के नाम पर चल रही इंडस्ट्री

यह फैक्ट्री कबीरधाम के जंगलपुर गांव में चल रही थी। इसका संचालन “मां दुर्गा गुड़ उद्योग” के नाम से किया जा रहा था। फैक्ट्री के संचालक ने यह पत्थर चूरा उत्तर प्रदेश से मंगवाया था। इसे सीमेंट की बोरियों में भरकर फैक्ट्री में लाया गया। शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे फूड सेफ्टी विभाग ने फैक्ट्री पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री से 23 क्विंटल मिलावटी गुड़ भी बरामद हुआ।

सैंपल जांच के लिए भेजे गए

विभाग ने बताया कि जब्त किए गए स्टोन पाउडर की कीमत लगभग 2.83 लाख रुपये आंकी गई है। वहीं फैक्ट्री के संचालक हलधर चंद्रवंशी से विभाग ने एक बॉन्ड पर हस्ताक्षर कराए और पत्थर का चूरा ज़ब्त कर लिया दिया। बरामद मिलावटी गुड़ और पत्थर के चूरे के सैंपल फूड सेफ्टी विभाग ने जांच के लिए रायपुर स्थित लैब में भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ये भी पढ़ें: बाघ ने किया महिला पर हमला, 48 घंटे के लिए वायनाड में लगा कर्फ्यू