Inkhabar
  • होम
  • राज्य
  • कोहरे से ढका दिल्ली NCR, 15 फ्लाइट्स हुई रद्द, जानें अपने शहर के मौसम का हाल

कोहरे से ढका दिल्ली NCR, 15 फ्लाइट्स हुई रद्द, जानें अपने शहर के मौसम का हाल

देश के अधिकांश हिस्से कड़ाके की सर्दी और घने कोहरे की चपेट में हैं, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। 5-6 जनवरी को दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।

Delhi NCR weather today
inkhbar News
  • Last Updated: January 4, 2025 08:29:00 IST

नई दिल्ली: देश के अधिकांश हिस्से कड़ाके की सर्दी और घने कोहरे की चपेट में हैं, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, बिहार और मध्य प्रदेश में कोहरे का असर देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को दिल्ली के कई इलाकों में दृश्यता शून्य तक पहुंच गई ,जिसका प्रभाव शनिवार सुबह तक देखा जा सकता है. इसके साथ ही इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) पर कोहरे के कारण 507 उड़ानें प्रभावित हुईं, जबकि 15 उड़ानों को रद्द करना पड़ा।

शहरों में बारिश के आसार

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी अफगानिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके चलते 5-6 जनवरी को दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। वहीं 4 से 6 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भारी बारिश और बर्फ पड़ने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में भी 5-6 जनवरी के बीच बर्फबारी हो सकती है।

यातायात व्यवस्था प्रभावित

शुक्रवार और शनिवार को घने कोहरे ने दिल्ली और उत्तर भारत के अन्य इलाकों में यातायात व्यवस्था को बाधित कर दिया। हवाई उड़ानों के अलावा, ट्रेन संचालन पर भी असर पड़ा। बता दें दर्जनों ट्रेनें घंटों की देरी से चलीं। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में आज पूरे दिन घना कोहरा रहने की चेतावनी दी गई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के बहराइच और कानपुर में दृश्यता 200 मीटर तक पहुंच गई है। दिल्ली के सफदरजंग और पालम में दृश्यता 500 मीटर दर्ज की गई है, साथ ही पंजाब के पटियाला और अमृतसर में भी यही स्थिति बनी हुई है।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों तक पूर्वी और मध्य भारत के न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। हालांक 2-3 दिनों बाद तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। पश्चिम भारत में तापमान स्थिर होने के बाद 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से सावधान रहने और घने कोहरे के दौरान यात्रा से बचने की अपील की है।

ये भी पढ़ें: गुरपतवंत सिंह पन्नू को महाकुंभ से है दिक्कत, सर्वे में हिन्दुओं ने दिखा दिया आईना