नई दिल्ली : UAE में उत्तर प्रदेश निवासी एक महिला की फांसी की खबर की पुष्टि हो गई है। विदेश मंत्रालय ने दिल्ली हाईकोर्ट को बताया कि शहजादी खान को 15 फरवरी को फांसी दी गई थी। केंद्र सरकार ने कोर्ट में दाखिल अपने जवाब में दिल्ली हाईकोर्ट को बताया कि अब उत्तर प्रदेश की इस महिला का अंतिम संस्कार 5 मार्च को किया जाना है। अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (ASG) चेतन शर्मा ने दिल्ली हाईकोर्ट के समक्ष विदेश मंत्रालय का पक्ष रखा।
उन्होंने कहा, अधिकारी इस संबंध में हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। गौरतलब है कि पिता ने याचिका दायर कर विदेश मंत्रालय से हस्तक्षेप की अपील की थी। सरकार की ओर से दाखिल जवाब के बाद कोर्ट ने याचिका का निपटारा कर दिया।
इससे पहले 16-17 फरवरी को आई खबर के अनुसार सूत्रों ने बताया था कि भारतीय नागरिक शहजादी UAE की जेल में बंद है। सूत्रों के हवाले से आई इस खबर में कहा गया था कि शहजादी को 24 घंटे के भीतर फांसी दिए जाने की खबरें गलत हैं। सूत्रों ने 17 फरवरी को कहा था कि भारतीय दूतावास लगातार मामले पर नजर रख रहा है।
सितंबर 2024 की शुरुआत में शहजादी के पिता शब्बीर ने बांदा में कहा था कि लंबे समय बाद बात हुई थी। UAE की जेल में बंद उनकी बेटी ने उन्हें फोन कर बताया है कि 20 सितंबर के बाद कभी भी उसे फांसी दी जा सकती है। शब्बीर ने यह भी कहा था कि उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ईमेल भेजकर अपनी बेटी की जान बचाने की गुहार लगाई थी।
यह भी पढ़ें :-