नई दिल्ली: दिल्ली में 5 जनवरी को विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं, जिसके मद्देनजर प्रशासन ने सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसी बीच दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने चुनाव में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मतदान और मतगणना के दिन मेट्रो सेवाओं के संचालन में बदलाव किया है।

सुबह 4 बजे से मेट्रो सेवाएं शुरू

डीएमआरसी के अनुसार, 5 फरवरी यानी मतदान के दिन और 8 फरवरी यानी मतगणना के दिन सभी मेट्रो लाइनों पर सेवाएं सुबह 4 बजे से शुरू कर दी जाएंगी। इस दौरान सुबह 4 बजे से 6 बजे तक आधे-आधे घंटे के अंतराल पर ट्रेनें उपलब्ध रहेंगी। इसके बाद मेट्रो की नियमित सेवाएं जारी रहेंगी। इसके अलावा चुनाव ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की सुविधा के लिए 5 और 6 फरवरी की मध्यरात्रि तक अंतिम मेट्रो सेवाओं का समय भी बढ़ा दिया गया है।

किन लाइनों पर कब तक चलेगी मेट्रो?

  • डीएमआरसी के बयान के मुताबिक, रेड लाइन पर अंतिम मेट्रो सेवा रात 12 बजे तक बढ़ाई गई है।
  • येलो लाइन यानी मिलेनियम सिटी सेंटर गुरुग्राम से समयपुर बादली पर सेवा रात 11:30 बजे तक, जबकि समयपुर बादली से मिलेनियम सिटी सेंटर के लिए रात 11:45 बजे तक उपलब्ध होगी।
  • ब्लू लाइन पर मेट्रो सेवा का संचालन रात 11:50 बजे तक किया जाएगा।
  • वॉयलेट लाइन पर अंतिम ट्रेन रात 12 बजे और 1 बजे तक चलाई जाएगी।

कई इलाकों में विशेष इंतजाम

चुनाव के दिन मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक पहुंचने में सुविधा देने के लिए दिल्ली यातायात पुलिस (जोन-2) ने कई इलाकों में विशेष इंतजाम किए हैं। द्वारका, बिजवासन, विकासपुरी, उत्तम नगर, मटियाला, पालम, राजौरी गार्डन, तिलक नगर, जनकपुरी, महरौली, संगम विहार, ओखला और अन्य इलाकों में यातायात नियंत्रण और पार्किंग सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।

ये भी पढ़ें: आमिर खान एक बार फिर इस एक्ट्रेस को दे बैठे अपना दिल, शुरू हुई नई लव स्टोरी, शादी कब?