नई दिल्ली : दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एक बार फिर पंजाब पहुंचे हैं। वे होशियारपुर जिले के आनंदगढ़ गांव में स्थित विपश्यना ध्यान केंद्र में ध्यान लगाने पहुंचे हैं। केजरीवाल के होशियारपुर पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी आक्रामक हो गई है। भाजपा नेता ने VIP कल्चर पर तंज कसते हुए कहा है कि इतनी गाड़ियां और सुरक्षा लेकर कौन विपश्यना करने जाता है।
VIP अहंकार चरम पर
दिल्ली सरकार में मंत्री मनिंदर सिंह सिरसा ने कहा, “अरविंद केजरीवाल, जो कभी वैगनआर में आम आदमी होने का दिखावा करते थे, अब बुलेटप्रूफ लैंड क्रूजर, 100 से अधिक पंजाब पुलिस कमांडो, जैमर और एम्बुलेंस के भव्य काफिले में VIP महाराज की तरह घूमते हैं और शांति के लिए विपश्यना करते हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि अगर सत्ता ही उनकी परीक्षा थी, तो वे बुरी तरह विफल हो चुके हैं। पंजाब के करदाताओं के पैसे से भव्य सुरक्षा परेड की क्या जरूरत है? यहां तक कि सीएम भगवंत मान भी काफिले में नहीं हैं। आप की सच्चाई सामने आ चुकी है, छल-कपट, पाखंड और VIP अहंकार चरम पर है।
साधना के नाम पर ऐशो-आराम
सांसद स्वाति मालीवाल ने केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि, “केजरीवाल को पंजाब के लोगों से इतना डर क्यों लग रहा है, जिन्होंने उन्हें इतना प्यार दिया है? VIP कल्चर के लिए पूरी दुनिया को जिम्मेदार ठहराने वाले केजरीवाल आज डोनाल्ड ट्रंप से भी बड़ा सुरक्षा घेरा लेकर घूम रहे हैं। यह आश्चर्यजनक है कि कैसे सभी ने पंजाब जैसे महान राज्य को अपनी ऐशो-आराम की चीजों को साधने का जरिया बना लिया है।”
आप 22 सीटों पर सिमटी
2015 से 2024 तक दिल्ली की सत्ता पर काबिज रही आम आदमी पार्टी हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में 70 में से सिर्फ 22 सीटें ही जीत पाई। भाजपा ने 48 सीटें जीतकर केजरीवाल की पार्टी का दबदबा खत्म कर दिया। अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज, सत्येंद्र जैन और सोमनाथ भारती समेत आप के कई बड़े नेता हार गए।
क्या आप विधायक कांग्रेस में जाएंगे
हार के बाद पार्टी की दिल्ली इकाई संगठनात्मक बैठकें कर रही है। संयोजक गोपाल राय ने कहा कि चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करने वाले नेताओं को ही संगठन में जिम्मेदारी दी जाएगी। केजरीवाल का पंजाब दौरा इसलिए भी अहम है क्योंकि कांग्रेस ने दावा किया है कि आप के कई विधायक उसके खेमे में आने को तैयार हैं।
यह भी पढ़ें :-
ट्रम्प ने दोस्ती को व्यापर से रखा अलग, कर दिया भारत के खिलाफ ऐलान, रेसिप्रोकल टैरिफ 2 अप्रैल से शुरू