नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली और एनसीआर में हल्की ठंड के बाद अब तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 9 से 13 मार्च 2025 के बीच अधिकतम तापमान 31 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 13 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। हालांकि इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में गर्मी का असर और तेज़ होगा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 10 से 13 मार्च के बीच बारिश हो सकती है। 9 मार्च को प्रदेश में बादलों की हलचल बनी रहेगी, जबकि 13 मार्च को करीब 12 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान ठंडी हवाएं चल सकती हैं, हालांकि हवाओं की गति कम रहने से दिन और रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में अगले 24 घंटों में बर्फबारी हो सकती है। रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में 12 मार्च को बारिश के आसार हैं। वहीं हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से अगले पांच दिनों तक बारिश होने की संभावना जताई गई है। जम्मू-कश्मीर में 10 मार्च के बाद मौसम में बदलाव होगा और ऊंचाई वाले इलाकों में दोबारा बर्फबारी हो सकती है।
राजस्थान में भी गर्मी बढ़ने लगी है। बीते 24 घंटों में बाड़मेर में 38.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो अब तक का सबसे अधिक तापमान रहा। वहीं संगरिया में 8.1 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे कम तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले सप्ताह में प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री अधिक दर्ज किया जा सकता है।
ये भी पढ़ें: आज का राशिफल: सर्वार्थ सिद्धि योग बदलेगा आपका भाग्य, जानें कुंभ समेत किन राशियों को होगा लाभ