नई दिल्ली : गुजरात के गिर सोमनाथ जिले में एक तेंदुए ने दो लोगों पर हमला कर दिया, जिसमें 44 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, इस हमले में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। वन विभाग के एक अधिकारी ने इस संबंध में जानकारी दी। यह घटना गिर गढ़दा तालुका के कोडिया गांव की है।
एक व्यक्ति की मौके पर मौत
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारी ने बताया कि गिर गढ़दा तालुका के कोडिया गांव में देर रात एक तेंदुए ने खेत के पास अपने घरों के बाहर सो रहे लोगों पर हमला कर दिया। सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) करण भाटिया ने जानकारी देते हुए बताया कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
तेंदुए ने व्यक्ति को घसीटा
उन्होंने कहा, “तेंदुए ने सबसे पहले वाघाभाई वाघेला पर हमला किया और जब लोगों ने शोर मचाया तो वह उन्हें कुछ दूर तक घसीटता हुआ ले गया। हमले में वाघेला की मौत हो गई और तेंदुआ वहां से भाग गया। कुछ देर बाद तेंदुआ वापस लौटा और एक अन्य व्यक्ति पर हमला कर उसे घायल कर दिया।” तेंदुए को पकड़ने के लिए इलाके में 6 पिंजरे लगाए गए
बरामदे में सो रही थी महिला
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए इलाके में छह पिंजरे लगाए गए हैं। यह हमला कुछ दिन पहले इसी इलाके में एक बुजुर्ग महिला को तेंदुए ने मार डाला था। फरेदा गांव में रात के समय दिवालीबेन जोगिया (76) पर तेंदुए ने हमला कर उसे मार डाला था। वह अपने घर के बरामदे में सो रही थीं।
अमरेली में 7 साल की बच्ची की हत्या
दो दिन पहले पड़ोसी जिले अमरेली में भी इसी तरह से 7 साल की बच्ची की हत्या कर दी गई थी। इलाके में हिंसक जानवरों का इंसानों से बढ़ता संपर्क चिंता का विषय बन गया है। स्थानीय नेता प्रशासन से इस मुद्दे को सुलझाने की अपील कर रहे हैं। स्थानीय नेताओं ने इंसानों के घरों के आसपास घूमने वाले तेंदुओं को पिंजरे में बंद करने और उन्हें वन क्षेत्रों में स्थानांतरित करने के लिए बेहतर समाधान की मांग की है।
यह भी पढ़ें :-
राजस्थान पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई,खुलेंगे कई राज, माफियाओं में दहशत का माहौल