Jaunpur news: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र राजभर की बेरहमी से पिटाई की गई। जलालपुर थाना क्षेत्र के नहोरा आशापुरी गांव में मंगलवार को आयोजित भूमि पूजन समारोह के दौरान पहले उन्हें माला पहनाई गई। इसके बाद थप्पड़ों की बौछार शुरू हो गई। पिटाई करने वाला कोई और नहीं बल्कि उन्हीं की पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बृजेश राजभर थे। मंच पर उन्हें थप्पड़ मारे जाने का वीडियो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
जलालपुर के नहोरा आशापुरी में राजभर समाज का एक कार्यक्रम चल रहा था। इस कार्यक्रम में सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र राजभर मौजूद रहे। इस दौरान उसी पार्टी के ब्रिजेश राजभर ने महेंद्र राजभर को माला पहनाई। माला डालने के बाद उन्होंने अचानक उन्हें थप्पड़ मारना शुरू कर दिया। थप्पड़ लगते ही मंच और सामने गैलरी में अफरा-तफरी मच गई।
‘मोदी जी के लिए प्राण दे देंगे’, हेलीकॉप्टर में साथ घूमने वाले सियासी दोस्त ने तेजस्वी यादव को दिया धोखा? चुनाव से पहले बढ़ा दी टेंशन
ओपी राजभर ने साजिशन मुझे पिटवाया- महेंद्र
सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र राजभर ने पूरे मामले को सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर की साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पूर्व में बृजेश राजभर भी ओपी राजभर से मिलने गए थे। घटना के बाद महेंद्र राजभर ने जलालपुर थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीएम मोदी ने उन्हें कटप्पा कहा था
महेंद्र राजभर मऊ जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने इससे पहले 2017 का विधानसभा चुनाव भारतीय जनता पार्टी और सुभासपा के गठबंधन में लड़ा था। हालांकि इस चुनाव में उन्हें मुख्तार अंसारी से करीब 6000 वोटों से हार का सामना करना पड़ा था। चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महेंद्र राजभर को ‘कटप्पा’ कहा था। उन्होंने मंच से कहा था कि यह वही व्यक्ति है जो बाहुबली का सफाया कर देगा।
सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र राजभर को थप्पड़ मारने की घटना से राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है। बताया जा रहा है कि इन दिनों उनकी अखिलेश यादव से नजदीकियां बढ़ गई थीं। इसी के चलते मंच पर उनका अपमान किया गया। हालांकि इस घटना को आपसी कलह और साजिश दोनों ही नजरिए से देखा जा रहा है।