पटना। लोकसभा चुनाव प्रचार में जुटे तेजस्वी यादव ने मंगलवार को एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वो मछली रोटी खाते नजर आए। अब इस वीडियो को लेकर बिहार की सियासत में हंगामा देखने को मिल रहा है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने तेजस्वी यादव पर जोरदार हमला बोला है।
वोट के चक्कर में खा रहे मछली
विजय सिन्हा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि ये लोग खुद को सनातनी बताते रहते हैं लेकिन सनातनी संस्कार नहीं सीख पाए हैं। वोट के चक्कर में ये लोग इतना गिर गए हैं कि सावन में मटन खाते हैं और नवरात्रि में मछली-रोटी। ये लोग अपने धर्म और संस्कार को लज्जित करते हैं।
तेजस्वी सीजनल सनातनी
वहीं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि लालू यादव के बेटे सीजनल सनातनी हैं। तुष्टिकरण के पोषक हैं। वोट के खातिर इनके पिता जी ने अपने सरकार में रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों को अवैध तरीके से बसाया था। ये लोग वोट के सौदागर है न कि सनातनी पुजारी। सनातन का लबादा ओढ़कर ये तुष्टिकरण की राजनीति करने वाले लोग हैं।
तेजस्वी ने नवरात्रि में खाया मछली
बता दें कि तेजस्वी यादव ने मंगलवार को वीडियो शेयर कर कहा था कि चुनावी माहौल में लंच करने के लिए 10-15 मिनट का समय ही मिल पाता है। उसी में खाना खा लेते हैं। वीडियो में वो VIP सुप्रीमो मुकेश सहनी के साथ मछली-रोटी खाते नजर आए। इसे लेकर तेजस्वी को लोगों की नाराजगी भी झेलनी पड़ी है। एक्स यूजर्स ने तेजस्वी पर नवरात्रि और चैत्र छठ सप्ताह में मछली खाकर हिंदुओं की भावनाओं को भड़काने का आरोप लगाया।