लखनऊ। यूपी के मेरठ में एक मुस्लिम युवक के सोशल मीडिया पोस्ट से बवाल हो गया है। युवक ने अपने सोशल मीडिया पर भारत विरोधी आपत्तिजनक पोस्ट किए। उसने लिखा कि भारत का पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक गलत है और पाकिस्तान बिल्कुल सही। साथ ही उसने पाकिस्तान जिंदाबाद लिखकर कुछ पोस्ट शेयर किए।
पोस्ट को लेकर हिंदूवादी लोगों ने हंगामा किया और पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वह एक सैलून में काम करता है। मामला सिविल लाइंस थाना क्षेत्र का है। वह लगातार सोशल मीडिया पर देश विरोधी पोस्ट कर रहा था। प्रभात नगर के स्थानीय पार्षद संजय सिंह सैनी ने बताया कि बुधवार को मॉक ड्रिल चल रही थी। इसी बीच मोहम्मद जैद नाम के लड़के ने सोशल मीडिया पर पाकिस्तान जिंदाबाद, पाकिस्तान सही है जैसी टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं।
उसकी पोस्ट पर अन्य लोगों ने भी पाकिस्तान के पक्ष में टिप्पणियां कीं। जैद मेरठ सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के प्रभात नगर स्थित मयूर सैलून में हेयर ड्रेसर है। वह अपने सोशल मीडिया अकाउंट के अलावा पाकिस्तानी यूट्यूबर्स के अकाउंट की पोस्ट पर भी लगातार भारत विरोधी टिप्पणियां करता था। पुलिस जैद की सभी पोस्ट की जांच कर रही है। उसके सोशल मीडिया प्रोफाइल की पोस्ट में देश को लेकर काफी आपत्तिजनक गतिविधियां पाई गई हैं।