Rajgarh Road Accident: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के पिपलोदी गांव में रविवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 4 बच्चों समेत 13 लोगों की मौत हो गई। साथ ही 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं। राजगढ़ के जिलाधिकारी हर्ष दीक्षित ने जानकारी दी कि घायलों में से 13 लोगों को जिला अस्पताल में एडमिट कराया गया है। वहीं 2 लोगों को बेहतर इलाज के लिए भोपाल भेजा गया है।
अस्पताल में इलाज जारी
सीएम मोहन यादव ने देर रात X पर पोस्ट किया कि राजगढ़ जिले के पीपलोदी रोड पर ट्रैक्टर ट्राली पलटने से राजस्थान के झालावाड़ जिले के 13 लोगों की असमय मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। कलेक्टर एवं एसपी राजगढ़ मौके पर उपस्थित है। हम राजस्थान सरकार के संपर्क में हैं और राजस्थान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। घायलों का इलाज जिला अस्पताल, राजगढ़ में जारी है साथ ही गंभीर रूप से घायल कुछ मरीजों को भोपाल रेफर किया गया है। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों की पुण्यात्मा को अपने चरणों में स्थान प्रदान करें। शोकाकुल परिजनों के साथ मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया दुख
वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में हुई सड़क दुर्घटना में अनेक लोगों की मृत्यु का समाचार बहुत ही दुखदाई है। अपने स्वजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं गहन शोक संवेदना व्यक्त करती हूं तथा घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
सभी घायल खतरे से बाहर
जिलाधिकारी हर्ष दीक्षित के मुताबिक हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई थी लेकिन देर रात आंकड़ा बढ़ कर 15 हो गया। हालांकि अब मृतकों की संख्या बढ़ने का अनुमान नहीं है क्योंकि गंभीर रूप से घायल दो लोग खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। ये लोग बराती थे और बारात पड़ोसी राज्य राजस्थान के मोतीपुरा गांव से आई थी।
Weather update: राजधानी में फिर बेहाल करेगी चिलचिलाती धूप, पढ़ें IMD का नया अपडेट