लखनऊ: आगरा में हो रही लगातार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। 11 सितंबर से शुरू हुई भारी बारिश के चलते ताजमहल के मुख्य गुंबद के सामने बने बगीचे में पानी भर गया। एक पर्यटक द्वारा बनाए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि बगीचे में जलभराव हो गया है, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

पुरातत्व विभाग का एक्शन

बता दें, यह वीडियो 12 सितंबर का बताया जा रहा है। ताजमहल के दोनों ओर बने पार्कों में पानी-पानी होने के कारण ऐसा लग रहा था कि पानी मुख्य गुंबद तक न पहुंच सकता है। इस दौरान स्थिति को देखते हुए पुरातत्व विभाग ने तुरंत एक्शन लिया और पानी को निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुरातत्व विभाग के अधीक्षक राज कुमार पटेल ने बताया कि तेज बारिश के कारण जलभराव हुआ था, लेकिन समय रहते पानी को निकाल लिया गया है।

गुंबद से भी पानी टपकने की खबरें

गुरुवार को ताजमहल के मुख्य गुंबद से भी पानी टपकने की खबरें सामने आईं थी, जिससे पुरातत्व विभाग के अधिकारियों को चिंता का माहौल पैदा हो गया। इस कारण उन्होंने तुरंत पानी को रोकने की व्यवस्था की और मकबरे के अंदर जलभराव को रोकने के लिए कदम उठाए। अधिकारियों का कहना है कि लगातार 40 घंटों तक बारिश होने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई थी।

12वीं तक सभी स्कूल बंद

भारी बारिश के कारण न सिर्फ ताजमहल बल्कि आगरा के अन्य क्षेत्रों में भी नुकसान हुआ है। कश्मीरी बाजार में एक पुराना मकान ढहने से चार लोग घायल हो गए। इसके अलावा फतेहपुर सीकरी में एक 15-16 मीटर लंबी दीवार गिर गई। अधिकारियों ने बताया कि पिछले 24 घंटों में आगरा मंडल और आसपास के क्षेत्रों में 15 लोगों की जान चली गई है, जबकि दर्जनभर लोग घायल हुए हैं। इसके बाद मौसम विभाग द्वारा आगे और बारिश की चेतावनी दी गई है, जिसके कारण एहतियातन सभी जिलों में 12वीं तक के स्कूलों को बंद कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें: 9 साल गुनाहों का पश्चाताप करने पर भी नहीं मिली माफी, रिहाई के बाद भी शख्स ने गाड़ी से उड़ाया