नई दिल्ली: उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंड का असर अब धीरे-धीरे कम होता जा रहा है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार सहित कई राज्यों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे दिन के समय धूप में तपिश महसूस की जा रही है। हालांकि पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और बारिश का सिलसिला अभी जारी है।
दिल्ली में रविवार, 16 फरवरी को सुबह के समय हल्का कोहरा छाया हुआ है और दिनभर बादल छाए रहने का अनुमान है। वहीं आज अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, 19 और 20 फरवरी को राजधानी में बारिश हो सकती है।
उत्तर प्रदेश में भी मौसम शुष्क बना हुआ है। झांसी में शनिवार को अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि अयोध्या में न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री रहा। राज्य में सुबह और रात के समय हल्के कोहरे के आसार हैं, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। वहीं बिहार में हल्की ठंड अभी भी बनी हुई है। अधिकतम तापमान 24 से 30 डिग्री और न्यूनतम 10 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। अगले कुछ दिनों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ने की उम्मीद है।
राजस्थान में बाड़मेर में पारा 35.6 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि करौली में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री रहा। 17 से 20 फरवरी के बीच हल्की बारिश के आसार हैं।
हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी है। वहीं पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश और ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने 17 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से फिर मौसम बदलने की संभावना जताई है, जिससे उत्तर भारत में हल्की बारिश और ठंडक लौट सकती है।
ये भी पढ़ें: आज का राशिफल: इन राशियों जातकों को जीवन में होगा लाभ, बन रहा समसप्तक योग