Inkhabar
  • होम
  • राज्य
  • सपा विधायक सुरेश यादव ने बीजेपी को बताया हिंदू आतंकवादी संगठन, कहा बर्बाद करना चाहते है देश

सपा विधायक सुरेश यादव ने बीजेपी को बताया हिंदू आतंकवादी संगठन, कहा बर्बाद करना चाहते है देश

सपा विधायक सुरेश यादव ने एक विवादित बयान देते हुए भाजपा सरकार को "हिंदू आतंकवादी संगठन" करार दिया है। सुरेश यादव ने कहा, "भाजपा सरकार न केवल देश को बर्बाद करना चाहती है, बल्कि यह एक हिंदू आतंकवादी संगठन के तौर पर काम कर रही है।

SP MLA Suresh Yadav called BJP a Hindu terrorist organization, said they want to destroy the country
inkhbar News
  • Last Updated: December 22, 2024 11:26:33 IST

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के बाराबंकी सदर विधायक सुरेश यादव ने एक विवादित बयान देते हुए भाजपा सरकार को “हिंदू आतंकवादी संगठन” करार दिया है। बता दें यह बयान उन्होंने गन्ना दफ्तर में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान दिया। सपा कार्यकर्ताओं के साथ बाबा साहब भीमराव आंबेडकर पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बयान के खिलाफ यह प्रदर्शन किया गया था।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सुरेश यादव ने कहा, “भाजपा सरकार न केवल देश को बर्बाद करना चाहती है, बल्कि यह एक हिंदू आतंकवादी संगठन के तौर पर काम कर रही है। सपा इस तरह की राजनीति को बर्दाश्त नहीं करेगी।” उन्होंने भाजपा पर संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का भी आरोप लगाया।

भाजपा ने किया पलटवार

कार्यक्रम में सुरेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा गरीबों और वंचितों की आवाज उठाती आई है और आगे भी उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गरीब विरोधी नीतियों को बढ़ावा दे रही है और संविधान के आदर्शों के विपरीत काम कर रही है। सुरेश यादव के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है। भाजपा नेताओं ने उनके बयान को गैर-जिम्मेदाराना और भड़काऊ करार दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि सपा नेताओं की बयानबाजी उनकी हताशा और राजनीतिक गिरावट को दर्शाती है। इसके साथ ही भाजपा के जिला अध्यक्ष ने कहा, “सपा नेता बेलगाम बयानबाजी कर रहे हैं। यह बयान न केवल देश के बहुसंख्यक समाज का अपमान है, बल्कि यह समाज में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश है।”

बयान पर बढ़ा विवाद

सपा विधायक सुरेश यादव का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। विरोध प्रदर्शन के दौरान दिए गए उनके बयान की वीडियो क्लिप को भाजपा नेताओं और समर्थकों ने व्यापक रूप से साझा किया है। वहीं अमित शाह द्वारा बाबा साहब भीमराव आंबेडकर को लेकर दिए गए बयान से सपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। इसी मुद्दे पर प्रदेश भर में सपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को प्रदर्शन किए। बाराबंकी के गन्ना दफ्तर में भी बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।

ये भी पढ़ें: विवादों में घिरे महेंद्र सिंह धोनी, रांची वाले घर की टीम करेगी जांच, जानें क्यों