लखनऊ। योगी सरकार ने आज साल 2025-26 का बजट पेश किया। सुरेश खन्ना ने सदन में 8,08,736 करोड़ रुपए का बजट पेश किया। यह यूपी का अब तक का सबसे बड़ा बजट है। सुरेश खन्ना ने रामचरितमानस की चौपाई के साथ बजट भाषण शुरू किया। उत्तर प्रदेश के मेधावी छात्रों को अब योगी सरकार स्कूटी देगी। युवाओं को लोन पर अब ब्याज नहीं देना पड़ेगा।
बजट पेश करने से पहले वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने अपने घर पर पूजा की। इसके बाद वो सीएम आवास पहुंचे। कैबिनेट बैठक में मंजूरी मिलने के बाद वो विधानसभा पहुंचे। इससे पहले मीडिया से बात करते हुए सुरेश खन्ना ने कहा कि हमारी सरकार कोई व्यक्तिगत एजेंडा लेकर नहीं चलती है। सब कुछ प्रदेश के 25 करोड़ जनता के लिए है। इस बजट में हमने सभी वर्ग का ध्यान रखा है। उन्होंने शेर पढ़ते हुए कहा कि अधूरी ख्वाहिशें ही तो जीने का मजा देती हैं। सबकुछ मिल जाए तो फिर तमन्ना किसकी करोगे।
बता दें कि सुरेश खन्ना ने लगातार छठवीं बार बजट पेश किया। वो साल 2020 से लगातार बजट पेश कर रहे हैं। सपा नेता अखिलेश यादव ने बजट पेश होने से पहले कहा कि आशा है उत्तर प्रदेश के बजट में सौहार्द, सद्भावना और सदाचार के लिए भी कुछ आवंटन ज़रूर होगा, यही हर विकास की नींव होते हैं।