Weather Update Today: इस वक्त लगभग पूरा उत्तर भारत भीषण गर्मी की चपेट में है। जम्मू-कश्मीर के मैदानी इलाकों समेत उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में आसमान से आग बरस रही है। सुबह 9 बजे के बाद घर से निकलना मुश्किल हो रहा है और दोपहर होते-होते खून सुखा देने वाली गर्मी का एहसास होने लगा है। अधिकतम तापमान ज्यादातर जगहों पर 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में कुछ जगहों पर यह 47 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार कम से कम चार दिन तक राहत के कोई आसार नजर नहीं आ रहे, हालांकि उसके बाद बारिश की संभावना है।
अमर उजाला में छपी रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने कहा कि उत्तर-पश्चिम भारत में फिलहाल लू चलती रहेगी। 11 और 12 जून को पश्चिमी राजस्थान में भीषण लू चलेगी, जिसके लिए रेड अलर्ट भी जारी किया गया है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ में तापमान 45 डिग्री के आसपास रह सकता है वहीं, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश के मैदानी इलाकों में अलग-अलग जगहों पर भीषण गर्मी जारी रहेगी और लू चलेगी, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
आईएमडी के अनुसार मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर भारत, खासकर पश्चिमी राजस्थान को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर के कुछ इलाकों में पारा 47 डिग्री को भी पार कर गया। श्रीगंगानगर में लगातार दूसरे दिन तापमान 47 डिग्री सेल्सियस (47.4) से ऊपर दर्ज किया गया। बाड़मेर, चूरू, फलौदी, जैसलमेर और कोटा में यह 45 डिग्री से ऊपर रहा। हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और पश्चिमी यूपी में भी कई जगहों पर तापमान 45 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया।
जम्मू में गर्म हवाओं से सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। मंगलवार को लगातार तीसरे दिन पारा 42 डिग्री से ऊपर रहा। यहां छह साल बाद इतनी भीषण गर्मी पड़ी है। कश्मीर के कोकरनाग और काजीगुंड में भी दो-दो साल बाद गर्म दिन रहे। राजधानी श्रीनगर में भी पारे ने पिछले साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। पहाड़ों के साथ मैदानी इलाकों में भी गर्म हवाएं चल रही हैं। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार अगले दो दिन यानी 12 जून तक राहत नहीं मिलेगी। गर्म हवाओं के साथ लू भी चलती रहेगी।
आईएमडी ने कहा है कि केरल में फिर से भारी बारिश का दौर शुरू होने वाला है। गुरुवार को दो जिलों, शुक्रवार को चार और शनिवार को नौ जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।