Anita Anand: कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने अपने मंत्रिमंडल में बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय मूल की अनीता आनंद को विदेश मंत्री बनाया है। अनीता पूर्व प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की सरकार में भी कैबिनेट मंत्री रह चुकी हैं। अनीता आनंद ने हिंदू धर्म ग्रंथ गीता पर हाथ रखकर शपथ ली। उन्होंने पीएम कार्नी के साथ मिलकर एक बेहतर और सुरक्षित दुनिया बनाने का वादा किया।
मेलोनी जोली की ली जगह
आपको बता दें कि उन्हें मेलोनी जोली की जगह विदेश मंत्री बनाया गया है। जोली को उद्योग मंत्री बनाया गया है। कार्नी की कैबिनेट में आधी सदस्य महिलाएं हैं। पीएम कार्नी ने कहा कि उनकी कैबिनेट कनाडा के लोगों की इच्छाओं और जरूरतों के मुताबिक बदलाव लाने के लिए काम करेगी।
अनीता आनंद का भारत से रिश्ता
अनीता आनंद भारतीय मूल की हैं। उनके पिता तमिलनाडु से हैं जबकि उनकी मां पंजाब से हैं। लेकिन बाद में उनके माता-पिता कनाडा में बस गए। उन्होंने गीता पर हाथ रखकर विदेश मंत्री के तौर पर शपथ ली। वह ट्रूडो सरकार में परिवहन और व्यापार मंत्री भी रह चुकी हैं। अनीता का जन्म 1967 में नोवा स्कोटिया में हुआ था। उनके माता-पिता दोनों ही डॉक्टर हैं। अनीता टोरंटो यूनिवर्सिटी में लॉ प्रोफेसर रह चुकी हैं।
अनीता का भारत प्रेम
अनीता ने बार-बार अपनी भारतीय विरासत को स्वीकार किया है। उन्होंने प्रवासी भारतीय दिवस और गणतंत्र दिवस जैसे मौकों पर भारत के साथ अपने संबंधों को उजागर किया है। कनाडा के रक्षा मंत्री के तौर पर उन्होंने भारत-कनाडा रक्षा सहयोग को मजबूत करने की दिशा में काम किया। आपको बता दें कि हाल ही में हुए आम चुनावों में मार्क कार्नी की अगुवाई वाली लिबरल पार्टी ने 343 में से 169 सीटें जीतीं। कनाडा में लिबरल पार्टी की यह चौथी सरकार है।