Gautam Adani:

नई दिल्ली। भारत के अरबपति कारोबारी गौतम अडानी ने इतिहास रच दिया है। वो फ्रांसीसी उद्योगपति बर्नार्ड अर्नाल्ट को पीछे छोड़ते हुए दुनिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। फोर्ब्स रियल टाइम बिलिनेयर इंडेक्स में अडानी के आगे अब सिर्फ एलन मस्क ही हैं।

5.5 अरब डॉलर का हुआ इजाफा

गौतम अडानी के संपत्ति में आज दोपहर 5.5 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। इसके साथ ही वो अब 155.7 अरब डॉलर की दौलत के साथ दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उनसे आगे अब टेस्ला और स्पेसएक्स के मालिक एलन मस्क ही हैं। मस्क की संपत्ति 273 अरब डॉलर है।

इसी साल बने एशिया के सबसे अमीर

बता दें कि अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी इसी साल शुरूआत में एशिया के सबसे अमीर इंसान बने हैं। उन्होंने मशहूर उद्योगपति मुकेश अबंनी को पीछे छोड़कर ये मुकाम हासिल किया था। इसके बाद से लगातार अडानी की संपत्ति में इजाफा हो रहा था। पिछले हफ्ते ही उन्होंने अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस को पछाड़ा था।

ऐसा करने वाले पहले एशियाई

गौरतलब है कि गौतम अडानी दुनिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स बनने वाले पहले एशियाई है। इसके साथ ही वो पहले भारतीय उद्योगपति बन गए हैं, जिन्होंने ये मुकाम हासिल किया है। फोर्ब्स की अमीरों की सूची में शीर्ष 10 में मुकेश अंबानी भी हैं। वे 92 अरब डॉलर की कुल संपत्ति के साथ 8वें नंबर हैं।