नई दिल्ली। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि यूक्रेन की खुफिया एजेंसी ने 155 चीनी नागरिकों की पहचान की है, जो रूस की तरफ से युद्ध लड़ रहे हैं। जेलेंस्की ने कहा है कि यह संख्या और भी अधिक हो सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि उनके पास इन सभी लोगों के नाम और पासपोर्ट से जुड़ी जानकारियां भी मौजूद हैं।
जेलेंस्की ने दावा किया है कि रूस सोशल मीडिया के जरिए चीनी नागरिकों की भर्ती कर रहा है। उन्होंने कहा कि चीनी सरकार को भी इस बात की जानकारी है। अब यूक्रेन इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि क्या इन भर्तियों के पीछे चीनी सरकार की कोई भूमिका है या नहीं।
बता दें कि इससे पहले वोलोदिमीर जेलेंस्की ने मंगलवार को भी एक बयान जारी किया था। इस बयान में उन्होंने कहा था कि यूक्रेनी सेना ने रूस की तरफ से लड़ रहे चीन के दो नागरिकों को पकड़ा है। उन्होंने इससे जुड़ा एक वीडियो भी शेयर किया था। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि दोनों चीनी नागरिकों के हाथ जिप-टाई से बंधे हुए हैं। गौरतलब है कि यह पहली बार था जब यूक्रेन ने आधिकारिक रूप से चीनी लड़ाकों की मौजूदगी का दावा किया है।
जेलेंस्की ने कहा कि रूस चीन को इस युद्ध में घसीटने की कोशिश कर रहा है। यह पुतिन की रणनीति का हिस्सा है। पुतिन चाहते हैं कि युद्ध पूरे यूरोप में फैल जाए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूक्रेनी सेना की छह चीनी नागरिकों से मुठभेड़ हुई थी। इस मुठभेड़ में दो को जिंदा पकड़ लिया गया, जबकि बाकी चार या तो मारे गए या फरार हो गए।
जेलेंस्की का दावा है कि पकड़े गए चीनी नागरिकों के पास से उनके पहचान पत्र, बैंक कार्ड और अन्य व्यक्तिगत दस्तावेज बरामद हुए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अब ये दोनों चीनी नागरिक यूक्रेन की हिरासत में हैं। सोशल मीडिया पर जेलेंस्की ने इनका एक वीडियो भी शेयर किया है।
बांग्लादेश में बड़ी हलचल, 5 बड़े सैन्य अधिकारी हाउस अरेस्ट, सर्वे में लोग बोले- अब होगा असली खेला