नई दिल्ली। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने दो और भारतीय नागरिकों को फांसी पर लटका दिया है। बता दें कि दोनों भारतीय हत्या के दोषी ठहराए गए थे। भारत के विदेश मंत्रालय ने दोनों भारतीयों को फांसी दिए जाने की पुष्टि कर दी है।
इससे पहले 28 फरवरी को यूएई अधिकारियों ने भारतीय दूतावास को सूचित किया थी कि दोनों लोगों को फांसी की सजा दे दी गई है। उन्हें फांसी किस तारीख को दी गई है, यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों भारतीय केरल के रहने वाले हैं। उनके नाम मुरलीधरन पेरुमथट्टा वलाप्पिल और मोहम्मद रिनाश अरंगीलोट्टू है।
बता दें कि भारत के विदेश मंत्रालय ने दोनों भारतीयों की फांसी को लेकर एक बयान जारी किया है। अपने बयान में विदेश मंत्रालय ने कहा है कि दोनों लोगों को हर संभव कानूनी सहायता मुहैया कराई गई थी। विदेश मंत्रालय अब दोनों मृतकों के परिवार के सदस्यों को अंतिम संस्कार में शामिल होने की व्यवस्था करा रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले 15 फरवरी को यूपी के बांदा की रहने वाली शहजादी खान को UAE में फांसी दी गई थी। शहजादी पर आरोप था कि उसने एक 4 महीने के बच्चे की हत्या की थी। शहजादी पिछले 2 साल से दुबई की एक जेल में बंद थी। चार महीने पहले ही अदालत ने उसे फांसी की सजा सुनाई थी। इसके बाद 5 मार्च को उसे UAE में ही दफ्न कर दिया गया।
UAE में हुआ मालामाल, जीती 70 करोड़ रुपये की लॉटरी, पढ़कर दंग रह जाएंगे आप