Pope Francis Death: ईसाई धर्मगुरु पोप फ्रांसिस के निधन पर भारत सरकार ने तीन दिन के राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया है। पोप फ्रांसिस का सोमवार को 88 साल की उम्र में निधन हो गया, वो किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे। उनके सम्मान में भारत में तीन दिन का राजकीय शोक रहेगा।
गृह मंत्रालय ने घोषणा करते हुए कहा कि पोप फ्रांसिस का आज, 21 अप्रैल, 2025 को निधन हो गया। सम्मान के प्रतीक के रूप में पूरे भारत में तीन दिवसीय राजकीय शोक का। ऐलान किया जाता है। यह निम्न तरीके से मनाया जाएगा: – मंगलवार, 22 अप्रैल, 2025 और बुधवार, 23 अप्रैल, 2025 को दो दिवसीय राजकीय शोक। इसके बाद अंतिम संस्कार के दिन एक दिन का राजकीय शोक। राजकीय शोक की अवधि के दौरान पूरे भारत में उन सभी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा जहां राष्ट्रीय ध्वज नियमित रूप से फहराया जाता है। कोई आधिकारिक मनोरंजन नहीं होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पोप फ्रांसिस के निधन पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि वैश्विक कैथोलिक समुदाय के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं। पोप फ्रांसिस को दुनिया भर के लाखों लोग हमेशा करुणा, विनम्रता और आध्यात्मिक साहस के प्रतीक के रूप में याद रखेंगे। छोटी उम्र से ही उन्होंने प्रभु ईसा मसीह के आदर्शों को साकार करने के लिए खुद को समर्पित कर दिया था। उन्होंने गरीबों और वंचितों की लगन से सेवा की। भारत के लोगों के प्रति उनका स्नेह हमेशा संजोया जाएगा। उनकी आत्मा को ईश्वर की गोद में शांति मिले।
पूरी दुनिया शोक में डूबी,पोप फ्रांसिस का 88 की उम्र में निधन, वेटिकन में ली अंतिम सांस